बांगरमऊ में सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने खोला जिला सहकारी बैंक का नया भवन, बोले- मजबूत समितियां ही बनाएंगी आत्मनिर्भर गांव

उन्नाव (देवेश प्रताप सिंह राठौर): उत्तर प्रदेश के बांगरमऊ में सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने जिला सहकारी बैंक की स्थानीय शाखा के नवीन भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद आयोजित जनसभा में उन्होंने सहकारिता क्षेत्र के विस्तार, किसानों को बेहतर बैंकिंग और ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया।

सहकारिता मंत्री ने कहा कि सहकारी संस्थाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। इनके माध्यम से किसानों तक बेहतर बैंकिंग और ऋण सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

सहकारिता को आधुनिक और पारदर्शी बनाने पर जोर

जनसभा को संबोधित करते हुए जेपीएस राठौर ने कहा कि सहकारिता केवल सरकारी योजनाओं को लागू करने का माध्यम नहीं है, बल्कि गांव, किसान, युवा और आम आदमी को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का प्रभावी रास्ता है।

उन्होंने कहा कि पहले सहकारिता व्यवस्था ऐसे लोगों के हाथों में चली गई थी, जिनका उद्देश्य केवल व्यवस्था का दोहन करना था। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में सहकारिता क्षेत्र को पारदर्शी, जवाबदेह और आधुनिक स्वरूप देने का काम किया जा रहा है।

‘बेरोजगारी के समाधान में सहकारिता की बड़ी भूमिका’

जेपीएस राठौर ने कहा कि देश के सामने बेरोजगारी एक बड़ी चुनौती है और इसके स्थायी समाधान में सहकारिता के विस्तार की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। उन्होंने कहा कि गांव-गांव सहकारी समितियां मजबूत होने पर युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

साथ ही किसानों को उत्पादन, भंडारण, प्रसंस्करण और विपणन से जोड़ने में भी सहकारी संस्थाओं की भूमिका मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि अमित शाह के सहकारिता मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालने के बाद इस क्षेत्र को नई दिशा और नए आयाम मिले हैं।

‘सहकारिता से आत्मनिर्भर गांव और आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य’

सहकारिता मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सहकारिता के माध्यम से आत्मनिर्भर गांव और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि सहकारिता व्यवस्था को मजबूत कर ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों को नई गति दी जा सकती है।

किसानों को सीधे खाद मिलने से मिली सुविधा: श्रीकांत कटियार

विधायक श्रीकांत कटियार ने कहा कि सहकारिता व्यवस्था मजबूत होने का सीधा लाभ किसानों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को सीधे खाद उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उन्हें सुविधा हुई है।

उन्होंने कहा कि सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर लगातार समितियों को सशक्त और पारदर्शी बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। मजबूत सहकारिता व्यवस्था किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति देगी। उन्होंने कहा कि किसान सशक्त होगा तो भारत भी सशक्त होगा।

लाभार्थियों को बांटे ऋण के चेक

सभा के दौरान सहकारिता मंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को ऋण के चेक वितरित किए। उन्होंने अमित यादव, आनंद कुमार और जगजीवन सहित अन्य लाभार्थियों को चेक सौंपे।

इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार किसानों और जरूरतमंदों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

विकास कार्यों के शिलापट्टों का भी किया अनावरण

कार्यक्रम के दौरान जेपीएस राठौर ने क्षेत्र में प्रस्तावित और कराए गए विभिन्न विकास कार्यों के शिलापट्टों का अनावरण कर उनका उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता रहे मौजूद

सभा को विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान, क्षेत्रीय महामंत्री अवधेश कटियार, जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी और भाजयुमो जिलाध्यक्ष बाला राव गुप्ता समेत अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम में विकास गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अर्जुन लाल दिवाकर, विवेक पटेल, मनोज निषाद, धर्मेंद्र सिंह, धीरेंद्र सिंह, मिथिलेश जायसवाल, हाजी सलीम कुरैशी, गिरीश वर्मा, रईस खान पप्पू, रत्नाकर सिंह, मोहम्मद कामिल कुरैशी, रविंद्र कुमार, सभासद विमल शुक्ला, सभासद अवधेश तूफानी, पप्पू गुप्ता, सुरेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे

 

Related posts