लखनऊ: रक्षाबंधन से पहले उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए बड़ा फैसला लिया है। मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में ऐसी महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। सरकार के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को इस योजना की शुरुआत करेंगे।
इस फैसले के लागू होने के बाद प्रदेश की 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाएं परिवहन निगम की सभी बसों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी। सरकार ने इस योजना को लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना नाम दिया है। यात्रा के दौरान उम्र की पुष्टि के लिए महिलाओं को आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र दिखाना होगा।
करीब 81 लाख महिलाओं को मिलेगा लाभ
सरकार के मुताबिक वर्ष 2011 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर करीब 81 लाख महिलाएं इस मुफ्त यात्रा सुविधा के दायरे में आएंगी। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है और उन्हें परिवहन निगम की सभी बसों में आजीवन मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
मंत्री के मुताबिक इस योजना से एक करोड़ से अधिक महिलाओं को लाभ मिलने की संभावना है। यात्रा के लिए आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र के जरिए उम्र का सत्यापन किया जा सकेगा।
रक्षाबंधन से पहले योगी सरकार का बड़ा तोहफा
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि महिलाओं को रक्षाबंधन से पहले यह बड़ी सौगात दी गई है। उन्होंने बताया कि सरकार ने परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 250 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद को भी मंजूरी दी है। इनमें 42 सीट और 52 सीट क्षमता वाली बसें शामिल होंगी। इन बसों की खरीद के लिए 425 की लागत से जुड़ी स्वीकृति दी गई है।
रक्षाबंधन पर इन तारीखों में भी मुफ्त यात्रा
इसके अलावा रक्षाबंधन के मौके पर उत्तर प्रदेश में परिवहन निगम की बसों में महिलाओं को पहले की तरह मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यह सुविधा 26, 28 और 29 अगस्त को दी जाएगी। इसके लिए 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की रात 12 बजे तक मुफ्त यात्रा की व्यवस्था लागू रहेगी।
2022 के विधानसभा चुनाव के वादे पर हुआ फैसला
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी ने 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान 60 साल की उम्र वाली महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने का वादा किया था। अब मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। बैठक में कुल 24 प्रस्तावों पर मुहर लगी है।
