नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप

उन्नाव। माखी थाना क्षेत्र के एक गांव में 13 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ मारपीट और छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने गांव के एक युवक पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। वहीं, मामले में समझौते का दबाव बनाने और बाद में 30 से 40 लोगों के साथ घर पर चढ़ाई कर ईंट-पत्थर चलाने तथा कुल्हाड़ी से दरवाजा क्षतिग्रस्त करने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़ित राजू वर्मा के अनुसार, 7 नवंबर को वह किडनी का इलाज कराने उन्नाव गया था। इसी दौरान उसकी करीब 13 वर्षीय बेटी गांव के बाहर स्थित परचून की दुकान पर अकेली बैठी थी। आरोप है कि दोपहर करीब 12:30 बजे गांव का ही एक युवक नशे की हालत में दुकान पर पहुंचा और उधार मसाला मांगने लगा। पुराने बकाये रुपये मांगने पर उसने किशोरी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।

पीड़ित ने छेड़छाड़ और खींचतान करने का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद किशोरी ने फोन से पिता को जानकारी दी, जिस पर उन्होंने चौकी में शिकायत दी।


आरोप है कि अगले दिन ग्राम प्रधान ने चौकी पहुंचकर दबाव बनाकर समझौता करा दिया। इसके बाद 9 नवंबर को शाम करीब चार बजे ग्राम प्रधान अपने साथियों के साथ पीड़ित के घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए मारपीट तथा पथराव किया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने कुल्हाड़ी से दरवाजा काटने का प्रयास किया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।


पीड़ित ने बताया कि 12 नवंबर को पुलिस अधीक्षक उन्नाव को भी प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित परिवार ने सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Related posts