श्रीगंगानगर: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक रेलवे ट्रैक पर हुए जोरदार धमाके से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलमार्ग पर मंगलवार रात करीब 9:45 बजे विस्फोट हुआ। इसकी चपेट में आने से पटरी के नीचे लगाए गए सीमेंट के दो ब्लॉक टूट गए और ट्रैक के बीच करीब दो फीट गहरा गड्ढा बन गया। राहत की बात यह रही कि धमाके के समय कोई ट्रेन मौके पर नहीं थी और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद ATS, CID, FSL, पुलिस और रेलवे की टीमें जांच में जुट गई हैं।
ट्रेन गुजरने के करीब 45 मिनट बाद हुआ विस्फोट
यह घटना रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में अनूपगढ़ कस्बे के 50 जीबी गांव के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, अनूपगढ़-सूरतगढ़ पैसेंजर ट्रेन के गुजरने के लगभग 45 मिनट बाद रेलवे ट्रैक पर धमाका हुआ। विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस और रेलवे अधिकारियों के साथ एटीएस, सीआईडी, एफएसएल तथा डॉग स्क्वायड की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। जांच के दौरान रेलवे पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो ब्लॉक क्षतिग्रस्त मिले। इसके अलावा पटरियों के बीच गहरा गड्ढा भी दिखाई दिया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलमार्ग पर ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया।
भारत-पाक सीमा के नजदीक धमाके से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास रेलवे ट्रैक पर विस्फोट की घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमाके के पीछे क्या कारण था और इसमें किसी असामाजिक तत्व की भूमिका तो नहीं है।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह छह बजे तक इस रेललाइन से गुजरने वाली ट्रेनों को रद्द किया गया था। घटनास्थल की घेराबंदी कर सुरक्षा एजेंसियां बारीकी से जांच कर रही हैं।
बम विस्फोट था या कोई दूसरी घटना, जांच के बाद खुलेगा राज
पुलिस अधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद बताया कि एटीएस और एफएसएल की टीमें साक्ष्य जुटाने में लगी हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि धमाका बम से हुआ या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है। जांच पूरी होने और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही विस्फोट की प्रकृति का पता चल सकेगा।
हाल ही में 7.5 किलोग्राम आरडीएक्स बरामद होने की घटना से इस धमाके का संबंध होने के सवाल पर अधिकारी ने किसी तरह का जुड़ाव होने से इनकार किया। फिलहाल जांच एजेंसियां सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही हैं।
