उन्नाव।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव के निर्देशन में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा यातायात नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ऑपरेशन सेफ स्पीड” अभियान के अंतर्गत जनपद उन्नाव की इंटरसेप्टर टीम द्वारा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर निरंतर सघन प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दौरान एक्सप्रेसवे पर निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहनों की आधुनिक इंटरसेप्टर प्रणाली एवं स्पीड डिटेक्शन उपकरणों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। तेज गति, लापरवाही एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालान एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
इस अवसर पर वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, पर्याप्त दूरी बनाए रखने तथा थकान की स्थिति में वाहन न चलाने की सलाह भी दी गई।
