भोपाल: ट्विशा शर्मा मौत मामले में आज भोपाल कोर्ट में अहम सुनवाई होने जा रही है। मृतका के परिजनों ने कोर्ट में याचिका दाखिल कर ट्विशा शर्मा का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। परिवार चाहता है कि यह पोस्टमार्टम दिल्ली स्थित एम्स में कराया जाए। इससे पहले भोपाल एम्स की पोस्टमार्टम रिपोर्ट को परिवार खारिज कर चुका है।
ट्विशा शर्मा की मौत का मामला अब लगातार नया मोड़ लेता जा रहा है। एक तरफ परिवार हत्या और दहेज प्रताड़ना के आरोप लगा रहा है, वहीं दूसरी तरफ ससुराल पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों ने पूरे मामले को और विवादित बना दिया है। अब सबकी नजर भोपाल कोर्ट की सुनवाई पर टिकी हुई है, जहां दोबारा पोस्टमार्टम को लेकर बड़ा फैसला सामने आ सकता है।
मामले में आया नया ट्विस्ट
ट्विशा शर्मा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह ने अपनी अग्रिम जमानत याचिका में कई गंभीर दावे किए हैं। याचिका में ट्विशा को ड्रग्स एडिक्ट बताया गया है। दावा किया गया कि नशा नहीं मिलने पर उनके हाथ कांपते थे और प्रेग्नेंसी के बाद उनका व्यवहार बदल गया था।
याचिका में यह भी कहा गया कि 17 और 18 अप्रैल के बीच ट्विशा लापता रही थीं। साथ ही आरोप लगाया गया कि ड्रग ओवरडोज के कारण उन्होंने एबॉर्शन कराया था। ससुराल पक्ष का दावा है कि ट्विशा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और उनका इलाज मनोवैज्ञानिक के पास चल रहा था।
पति की अग्रिम जमानत खारिज
इस मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत पहले ही खारिज की जा चुकी है। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। समर्थ सिंह की जानकारी देने वालों के लिए 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है।
मामले को लेकर यह सवाल भी लगातार उठ रहा है कि क्या ट्विशा को लेकर ड्रग्स से जुड़ी थ्योरी सच है या फिर केस को कमजोर करने के लिए इस तरह के दावे किए जा रहे हैं।
परिजनों ने आरोपों को बताया मनगढ़ंत
ट्विशा के परिवार ने ससुराल पक्ष के सभी आरोपों को पूरी तरह झूठा और मनगढ़ंत बताया है। मृतका के पिता का आरोप है कि मामला हाई प्रोफाइल होने के कारण सबूतों के साथ छेड़छाड़ की कोशिश की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भोपाल पुलिस ने एसआईटी का गठन किया है। एसीपी रजनीश कश्यप की अगुवाई में गठित इस टीम में महिला पुलिसकर्मियों समेत कुल 6 अधिकारी शामिल किए गए हैं।
मौत से पहले क्या हुआ था?
ससुराल पक्ष के मुताबिक, 11 मई की शाम ट्विशा शर्मा ब्यूटी पार्लर से तैयार होकर घर लौटी थीं। इसी दौरान उनकी मां का फोन आया और बातचीत करते हुए वह घर की छत पर चली गईं। कुछ देर बाद कॉल अचानक कट गया।
परिवार का दावा है कि रात करीब साढ़े 10 बजे ट्विशा छत पर प्लास्टिक की रस्सी के सहारे फंदे से लटकी मिलीं। इसके बाद पति समर्थ सिंह पड़ोसियों की मदद से उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
व्हाट्सऐप चैट ने बढ़ाया विवाद
इस बीच ट्विशा शर्मा और उनकी मां के बीच हुई आखिरी व्हाट्सऐप चैट भी सामने आई है। चैट में ट्विशा खुद को बेहद परेशान बता रही थीं। उन्होंने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए थे।
चैट के मुताबिक, ट्विशा ने अपनी मां को मैसेज कर लिखा था कि ससुराल वाले उन पर शक करते हैं और पति समर्थ सिंह उनके चरित्र पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने यह भी लिखा कि उन्हें वहां से ले जाया जाए क्योंकि उनका जीवन नरक बन चुका है।
पुलिस की कार्रवाई पर भी उठे सवाल
ट्विशा के परिजनों का आरोप है कि शुरुआत में भोपाल पुलिस केस दर्ज करने में आनाकानी कर रही थी। हालांकि मामला बढ़ने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और जांच शुरू की।
पुलिस का कहना है कि वह व्हाट्सऐप चैट, परिवार के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
5 महीने पहले हुई थी शादी
31 वर्षीय ट्विशा शर्मा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के नोएडा की रहने वाली थीं। उन्होंने एमबीए की पढ़ाई की थी और दिल्ली की एक निजी कंपनी में काम करती थीं। शादी से पहले वह तेलुगु फिल्मों और मॉडलिंग की दुनिया में भी सक्रिय थीं।
बताया जा रहा है कि एक ऐप के जरिए उनकी मुलाकात समर्थ सिंह से हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दिसंबर 2025 में परिवार की सहमति से शादी हुई थी।
लेकिन शादी के महज पांच महीने बाद ट्विशा शर्मा की मौत ने पूरे मामले को रहस्य और विवादों के घेरे में ला दिया है। परिवार ने सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह पर दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोप लगाए हैं। वहीं दिल्ली के जंतर-मंतर पर ट्विशा के दोस्तों ने प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
