रामपुर में दर्दनाक हादसा: छोटे भाई की मौत का गम नहीं सह सके बड़े भाई, कुछ ही घंटों में हार्ट अटैक से तोड़ा दम

रामपुर: जिले के सैदनगर क्षेत्र में एक ही परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा कि पूरे गांव में मातम पसर गया। छोटे भाई की बीमारी से मौत के बाद बड़े भाई यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर सके। जनाजे और दफन की तैयारियों के बीच उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और इलाज के लिए ले जाते समय उनकी भी मौत हो गई। महज आठ घंटे के भीतर दो सगे भाइयों के निधन से परिवार में कोहराम मच गया।

बीमारी से हुई छोटे भाई की मौत

यह घटना अजीमनगर थाना क्षेत्र के बढ़ापुरा शुमाली गांव की है। गांव निवासी 55 वर्षीय रईस लंबे समय से बीमार थे। बुधवार सुबह करीब 11 बजे बीमारी के चलते उनका निधन हो गया। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों को सूचना देकर शाम को दफन की तैयारियां शुरू कर दीं।

जनाजे की तैयारी के बीच बिगड़ी बड़े भाई की तबीयत

रईस के निधन से उनके 65 वर्षीय बड़े भाई मारूम मियां गहरे सदमे में थे। परिजनों के अनुसार, शाम को जब घर में जनाजे और दफन की तैयारियां चल रही थीं, तभी मारूम मियां की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। परिजन और ग्रामीण प्रारंभिक तौर पर इसे छोटे भाई की मौत के सदमे से आए हार्ट अटैक का मामला मान रहे हैं।

एक ही घर से उठीं दो अर्थियां

एक ही दिन में दो सगे भाइयों की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया। घर में चीख-पुकार और मातम का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।

गांव में शोक की लहर

ग्राम प्रधान बाबूराम ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच गहरा प्रेम और लगाव था। छोटे भाई रईस की मौत का दुख मारूम मियां सहन नहीं कर सके। उनका कहना है कि एक ही दिन दो सगे भाइयों का इस तरह दुनिया से चले जाना पूरे गांव के लिए बेहद दुखद और भावुक कर देने वाली घटना है।

 

Related posts