हापुड़: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को लेकर गढ़मुक्तेश्वर के ब्रजघाट में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले पुलिस और प्रशासन ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया है। कार्यक्रम स्थल से लेकर हेलीपैड और आसपास के रास्तों तक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने भी सघन तलाशी अभियान चलाया है। मुख्यमंत्री यहां करीब एक घंटे तक रहेंगे। ऐसे में सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक रोकने के लिए बहुस्तरीय इंतजाम किए गए हैं।
ब्रजघाट में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की निगरानी
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए शुक्रवार से ही पुलिस-प्रशासन की सक्रियता बढ़ गई थी। शनिवार को होने वाले कार्यक्रम के लिए ब्रजघाट के रेतीले मैदान में तैयार मंच, हेलीपैड, प्रवेश और निकास द्वार के साथ आसपास के रास्तों की भी बारीकी से जांच की गई।
बम निरोधक दस्ते ने आधुनिक उपकरणों की मदद से मंच के नीचे और आसपास के संवेदनशील स्थानों की तलाशी ली। डॉग स्क्वॉड ने भी कार्यक्रम स्थल के अलग-अलग हिस्सों की जांच की। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही संबंधित स्थानों को सुरक्षित घोषित करने की प्रक्रिया अपनाई गई।
250 पुलिसकर्मियों के जिम्मे मुख्यमंत्री की सुरक्षा
मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए करीब 250 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इन्हें अलग-अलग सुरक्षा घेरे और महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात किया गया है। कार्यक्रम स्थल के मुख्य प्रवेश द्वार, मंच, हेलीपैड, पार्किंग और आसपास के रास्तों पर पुलिस की अलग-अलग टीमें निगरानी करेंगी।
इसके अलावा सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। खुफिया विभाग की टीमें आसपास की गतिविधियों पर नजर रखेंगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पहचान की जा सके।
बिना तलाशी कार्यक्रम स्थल में नहीं मिलेगी एंट्री
कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के प्रवेश के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है। प्रवेश द्वारों पर पुलिस और सुरक्षा टीमें तैनात रहेंगी। प्रत्येक व्यक्ति की जांच के बाद ही उसे अंदर जाने की अनुमति दी जाएगी।
प्रतिबंधित वस्तुओं को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने से रोकने के लिए भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को अपने निर्धारित स्थान पर मुस्तैद रहने और आपसी समन्वय बनाए रखने को कहा गया है।
हेलीपैड से मंच तक सुरक्षा का घेरा, यातायात पर भी नजर
मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के उतरने के लिए तैयार किए गए हेलीपैड के आसपास सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक आने वाले रास्ते को भी सुरक्षित किया गया है।
मुख्यमंत्री के काफिले की आवाजाही के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग और यातायात डायवर्जन लागू किया जाएगा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और चिकित्सा टीमों को भी तैयार रखा गया है।
DM और SP ने खुद संभाली सुरक्षा व्यवस्था की कमान
जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक मधुवन कुमार सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
एसपी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। हेलीपैड, मंच, प्रवेश और निकास द्वार सहित सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। सभी थाना प्रभारियों और सुरक्षा ड्यूटी में लगे जवानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
