यमुना एक्सप्रेसवे पर आग का गोला बनी डबल डेकर बस, 40 यात्रियों की अटकी सांसें; ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात एक चलती डबल डेकर बस में अचानक आग लग गई। बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से मध्य प्रदेश के छतरपुर जा रही थी। हादसे के वक्त बस में करीब 40 यात्री सवार थे। आग की लपटें उठती देख चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और सो रहे यात्रियों को जगाकर नीचे उतारा। समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना रात करीब 2 बजे मथुरा के राया थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन-110 के पास हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बस में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस लपटों में घिर गई।

ड्राइवर की सूझबूझ से बची 40 यात्रियों की जान

बस में आग लगते ही चालक ने बिना देर किए वाहन को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया। उस समय कई यात्री सो रहे थे। चालक ने सभी को जगाया और तेजी से बस से नीचे उतारा। इस वजह से सभी 40 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही राया थाना पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक आग पूरी बस को अपनी चपेट में ले चुकी थी और वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया।

यात्रियों का सामान भी जलकर हुआ राख

आग इतनी भीषण थी कि बस में रखा यात्रियों का सामान भी जलकर नष्ट हो गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी यात्री की जान नहीं गई और सभी लोग सुरक्षित बचा लिए गए।

ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर भी हुआ था ऐसा हादसा

इससे पहले 6 अक्टूबर को ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर भी बस में आग लगने की घटना सामने आई थी। उस हादसे में भी आग लगते ही सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।

Related posts