योगी सरकार के मंत्री संदीप सिंह की दुल्हन बनेंगी बचपन की दोस्त मेघना, भाई सौरभ की अंतरा से शादी; आज दोनों की सगाई

अलीगढ़: उत्तर प्रदेश सरकार में बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह और उनके भाई सौरभ सिंह की सगाई शनिवार, 14 नवंबर को अलीगढ़ में होने जा रही है। संदीप सिंह की शादी उनकी बचपन की दोस्त मेघना चौधरी से तय हुई है, जबकि उनके भाई सौरभ सिंह का रिश्ता सहारनपुर की अंतरा त्यागी से तय हुआ है। दोनों भाइयों की सगाई एक ही समारोह में होगी। इस आयोजन को लेकर अलीगढ़ से लेकर लखनऊ और सहारनपुर तक राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा है।

संदीप सिंह पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह के पौत्र हैं। उनके पिता राजवीर सिंह भी सांसद रह चुके हैं। 35 वर्षीय संदीप सिंह की मेघना चौधरी से मुलाकात अलीगढ़ के दिल्ली पब्लिक स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों बचपन के दोस्त हैं। मेघना का परिवार मूल रूप से अलीगढ़ जिले के गोंडा ब्लॉक के रुदायन उर्फ तारापुर गांव का रहने वाला है।

वहीं, सौरभ सिंह वर्मा की शादी सहारनपुर के कारोबारी और वरिष्ठ पत्रकार देवेश त्यागी की बेटी अंतरा त्यागी से तय हुई है। बताया जाता है कि सौरभ और अंतरा साथ पढ़ाई करते थे। इसी दौरान दोनों की जान-पहचान हुई और अब दोनों विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं।

अलीगढ़ के तालानगरी में होगा भव्य सगाई समारोह

दोनों भाइयों की सगाई के लिए अलीगढ़ के तालानगरी स्थित मैदान में भव्य समारोह आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। समारोह में केंद्रीय मंत्रियों के अलावा राजनीति और अन्य क्षेत्रों की कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह दोपहर 3:30 बजे समारोह में पहुंचेंगे। इससे पहले वह विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के भी कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा कई अन्य मंत्री, सांसद, विधायक और भाजपा के जनप्रतिनिधि भी समारोह में पहुंच सकते हैं।

वीवीआईपी पंडाल में 800 लोगों के बैठने की व्यवस्था

समारोह के लिए अलग से वीवीआईपी पंडाल तैयार किया गया है, जिसमें करीब 800 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। मुख्यमंत्री के भी इस कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी दी गई है। वीवीआईपी पंडाल में प्रवेश के लिए विशेष पास जारी किए गए हैं। प्रवेश द्वार पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे और पास दिखाने के बाद ही लोगों को अंदर जाने की अनुमति मिलेगी।

26 नवंबर को दिल्ली में होगा विवाह समारोह

सगाई के बाद दोनों भाइयों का विवाह समारोह 26 नवंबर को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। दोनों परिवारों में शादी की तैयारियों को लेकर उत्साह है। वहीं, अंतरा त्यागी के विवाह की खबर सामने आने के बाद सहारनपुर में भी उन्हें बधाइयां देने का सिलसिला शुरू हो गया है।

सुरक्षा में तैनात रहेंगे करीब 1,000 पुलिसकर्मी

सगाई समारोह को देखते हुए अलीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी अविनाश कुमार और एसएसपी नीरज जादौन ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ किया और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम की सुरक्षा में करीब 1,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें पीएसी के जवानों के साथ जिले के विभिन्न थानों का पुलिस बल भी शामिल रहेगा। आयोजन स्थल के अंदर और बाहर सुरक्षा का कड़ा घेरा बनाया जाएगा। संदिग्ध व्यक्तियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। डीएम और एसएसपी ने वीवीआईपी-वीआईपी सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एडीएम सिटी संगीता देवी, एसपी सिटी आदित्य बंसल, एसपी देहात मनीष कुमार मिश्र और एसपी यातायात प्रवीन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related posts