उत्तरकाशी में आग का कहर! पवाणी गांव के 33 घर जलकर खाक, स्कूल और पंचायत भवन भी राख; 58 परिवार बेघर

उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के पवाणी गांव में मंगलवार शाम लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। मोरी तहसील के इस गांव में आग की लपटों ने देखते ही देखते कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। करीब साढ़े चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस अग्निकांड में 33 आवासीय भवन पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी आग की भेंट चढ़ गए। हादसे से 58 परिवार प्रभावित हुए हैं।

आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत और बचाव अभियान में पूरा सहयोग किया। संयुक्त प्रयासों के बाद रात करीब 9 बजकर 16 मिनट पर आग को नियंत्रित किया जा सका।

साढ़े चार घंटे तक जारी रहा रेस्क्यू ऑपरेशन

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, पवाणी गांव में आग शाम 4 बजकर 49 मिनट पर लगी थी। इसके बाद तेजी से फैलती आग को रोकने के लिए ग्रामीणों और बचाव दलों ने लगातार प्रयास किए। लंबे संघर्ष के बाद रात में आग बुझाई जा सकी, लेकिन तब तक बड़ी संख्या में घरों को नुकसान पहुंच चुका था।

प्रशासन के अनुसार, इस घटना में किसी भी व्यक्ति की मौत की सूचना नहीं है और न ही किसी पशुहानि की जानकारी मिली है। हालांकि आग बुझाने के दौरान ओसला गांव निवासी गंगा सिंह गिरकर घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।

मोबाइल नेटवर्क की समस्या के बीच पहुंची राहत टीमें

प्रभावित क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण राहत और बचाव टीमों को संपर्क स्थापित करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद प्रशासनिक टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और प्रभावित परिवारों की मदद शुरू की।

प्रशासन की ओर से प्रभावित 58 परिवारों के लिए खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सामान की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही लोगों को सुरक्षित रखने के लिए राहत शिविरों की तैयारी भी की जा रही है।

बेघर परिवारों के लिए तैयार की जा रही व्यवस्था

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर संबंधित विभाग राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित शेल्टर तैयार करने को लेकर एसजेवीएनएल नैटवाड़ से सीएसआर मद के तहत सहयोग लेने का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है।

Related posts