संसद में 13वें दिन भी नहीं टूटा गतिरोध, राहुल गांधी और किरेन रिजिजू की अहम बैठक, लोकसभा दोपहर 2 बजे तक स्थगित

नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र में सरकार और विपक्ष के बीच जारी टकराव बुधवार को भी थमता नजर नहीं आया। अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा विवाद और दिल्ली छात्र प्रदर्शन को लेकर विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही बाधित हो गई। विपक्षी सांसदों ने गृह मंत्री अमित शाह से जवाब की मांग करते हुए नारेबाजी की, जिसके चलते सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

गतिरोध खत्म करने के लिए राहुल गांधी और रिजिजू की बैठक
संसद में लगातार 13 दिनों से जारी गतिरोध को समाप्त करने की कोशिशों के बीच नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। माना जा रहा है कि इस मुलाकात में संसद की कार्यवाही सामान्य करने और विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे मुद्दों पर आगे की रणनीति को लेकर चर्चा की गई।

सरकार और विपक्ष के बीच जारी इस संवाद को संसद में बने गतिरोध को समाप्त करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

भाजपा ने विपक्ष पर लगाए कामकाज बाधित करने के आरोप
संसद में जारी हंगामे को लेकर भाजपा के वरिष्ठ सांसद जगदंबिका पाल ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष जानबूझकर संसद की कार्यवाही नहीं चलने दे रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि रांची में जेपीएससी पेपर लीक को लेकर छात्र पिछले 13 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन झारखंड सरकार ने अब तक उनसे बातचीत नहीं की है। वहीं, उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में केंद्र सरकार और संबंधित मंत्रियों ने छात्रों की मांगों को सुना है।

जगदंबिका पाल ने आरोप लगाया कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है और वह केवल संसद का कामकाज बाधित करने की राजनीति कर रहा है।

हंगामे के बीच विधायी कामकाज जारी
संसद में लगातार विरोध और स्थगन के बावजूद सरकार महत्वपूर्ण विधेयकों को आगे बढ़ाने में जुटी हुई है। मंगलवार को लोकसभा ने बार-बार की स्थगन के बीच बिना चर्चा के ध्वनिमत से विनियोग (संख्यांक-3) विधेयक, 2026 को मंजूरी दी थी। वहीं राज्यसभा ने संक्षिप्त चर्चा के बाद जन्म और मृत्यु का पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026 को भी पारित कर दिया था।

हालांकि विधायी प्रक्रिया आगे बढ़ने के बावजूद संसद के दोनों सदनों में सरकार और विपक्ष के बीच टकराव का माहौल बना हुआ है।

 

Related posts