सास के अंतिम संस्कार में पहुंचा दामाद सरयू में समाया! स्नान के दौरान मगरमच्छ ने दबोचा, घंटों से जारी है तलाश

गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने ग्रेटर नोएडा से आए एक युवक को सरयू नदी में स्नान के दौरान मगरमच्छ खींचकर गहरे पानी में ले गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में चीख-पुकार शुरू हो गई। पुलिस, स्थानीय मल्लाह और वन विभाग की टीम युवक की तलाश में जुटी है, लेकिन घंटों बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।

मिली जानकारी के मुताबिक, 30 वर्षीय दीपक शर्मा ग्रेटर नोएडा के सिग्मा परी चौक इलाके के रहने वाले थे और एक निजी कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। उनकी शादी करीब सात साल पहले उमरीडीहा गांव निवासी लालचंद की बेटी रेखा से हुई थी।

बताया जा रहा है कि दीपक की सास उर्मिला देवी का अचानक निधन हो गया था। सूचना मिलते ही वह बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे पत्नी के साथ कार से अपने ससुराल उमरी गांव पहुंचे थे।

अंत्येष्टि के बाद हुआ दर्दनाक हादसा

दोपहर में परिवार और ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए सोनौली मोहम्मदपुर उदयभान पाही घाट पहुंचे थे। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद घाट की परंपरा के अनुसार दीपक सरयू नदी में स्नान करने उतरे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह अभी घुटनों तक पानी में ही थे कि अचानक नदी से निकले एक विशालकाय मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया।

लोगों के मुताबिक, मगरमच्छ ने दीपक का पैर पकड़ लिया और कुछ ही सेकंड में उन्हें गहरे पानी की तरफ खींच ले गया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक दीपक नदी में ओझल हो चुके थे।

घाट पर मची अफरा-तफरी, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

घटना के बाद घाट पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पत्नी रेखा समेत परिवार के अन्य सदस्य बेसुध हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उमरी बेगमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

स्थानीय मल्लाहों की मदद से नदी में जाल डालकर युवक की तलाश की जा रही है। वहीं वन विभाग को भी अलर्ट कर दिया गया है ताकि मगरमच्छ को पकड़ने की कार्रवाई की जा सके। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और नदी किनारे रहने वाले लोग भयभीत हैं।

 

Related posts