CWG 2026 में सीमा कलीरामना का शानदार कमाल! तीन साल के बेटे की मां ने डिस्कस थ्रो में जीता ब्रॉन्ज, भारत की झोली में एक और पदक

ग्लासगो: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की महिला डिस्कस थ्रो एथलीट सीमा कलीरामना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम कर लिया। 27 वर्षीय सीमा ने महिला डिस्कस थ्रो स्पर्धा में 58.65 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर तीसरा स्थान हासिल किया। तीन साल के बच्चे की मां और शारीरिक शिक्षा में पीएचडी कर रहीं सीमा के लिए यह वापसी के बाद किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में पहला पदक है। उनके इस प्रदर्शन से भारत के कुल पदकों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है और देश पदक तालिका में 10वें स्थान पर पहुंच गया है।

तीसरे प्रयास में किया सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

सीमा कलीरामना की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। उनका पहला प्रयास शॉट पुट क्षेत्र के फ्रेम से टकरा गया। हालांकि उन्होंने दूसरे प्रयास में शानदार वापसी करते हुए 57.32 मीटर का थ्रो किया और तीसरे स्थान पर पहुंच गईं।

इसके बाद तीसरे और अंतिम प्रयास में सीमा ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 58.65 मीटर तक डिस्कस फेंका। इसी थ्रो के दम पर उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम कर लिया।

जमैका और कनाडा की खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण और रजत

इस स्पर्धा में जमैका की सामंथा हॉल ने 61.66 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता। वहीं कनाडा की जूलिया टंक्स ने 60.67 मीटर का थ्रो कर रजत पदक अपने नाम किया। सीमा कलीरामना तीसरे स्थान पर रहीं और भारत को इस स्पर्धा में कांस्य पदक दिलाया।

कमबैक के बाद पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय पदक

सीमा कलीरामना ने अपने बच्चे के जन्म के बाद पिछले वर्ष नेशनल गेम्स से प्रतिस्पर्धी खेलों में वापसी की थी। वापसी के बाद यह किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में उनका पहला पदक है। खेल के साथ-साथ वह चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय से शारीरिक शिक्षा में पीएचडी भी कर रही हैं।

ब्रॉन्ज जीतने के बाद क्या बोलीं सीमा?

कांस्य पदक जीतने के बाद सीमा कलीरामना ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि वह अपने पहले कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतकर बेहद खुश हैं। उन्होंने बताया कि ग्लासगो के मौसम में ठंड अधिक होने के कारण उन्हें बार-बार वार्मअप करना पड़ रहा था। उन्होंने अपने शोध मार्गदर्शक डॉ. सुरेश कुमार मलिक का भी आभार जताते हुए कहा कि उन्हें पढ़ाई और खेल दोनों में पूरा सहयोग मिल रहा है।

भारत के खाते में लगातार बढ़ रहे पदक

सीमा कलीरामना के कांस्य पदक के साथ कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के कुल पदकों की संख्या 17 हो गई है। वहीं एथलीट और पैरा एथलीट दोनों वर्गों को मिलाकर भारत अब तक कुल 8 पदक अपने नाम कर चुका है।

 

Related posts