नई दिल्ली: E20 पेट्रोल को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक बार फिर निशाना साधा है। केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर एक चुटकुले वाला वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि E20 पेट्रोल के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों को अलग-अलग तरीकों से परेशान किया जा रहा है।
चुटकुले के जरिए सरकार पर हमला
केजरीवाल ने वीडियो में एक चुटकुले का जिक्र करते हुए कहा कि तीन देशों की पुलिस के बीच शेर को खोजने की प्रतियोगिता हुई। उन्होंने बताया कि पहले डोनाल्ड ट्रंप की पुलिस को शेर खोजने भेजा गया, जिसने 24 घंटे में उसे ढूंढ लिया। इसके बाद व्लादिमीर पुतिन की पुलिस ने शेर को एक घंटे में खोज लिया।
केजरीवाल के मुताबिक, जब नरेंद्र मोदी की पुलिस को जंगल में शेर खोजने भेजा गया तो तीन दिन तक वह वापस नहीं लौटी। बाद में जब लोग उसे खोजने जंगल पहुंचे तो एक कुत्ते को पकड़कर पीटते हुए पुलिसकर्मियों से यह कहते हुए दिखाया गया कि ‘बोल मैं शेर हूं’।
केजरीवाल ने इसी चुटकुले को E20 पेट्रोल को लेकर देश में चल रही स्थिति से जोड़ते हुए सरकार पर कटाक्ष किया।
‘बोल E20 सही है’, केजरीवाल का आरोप
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि देश में 140 करोड़ लोगों पर दबाव बनाया जा रहा है और उनसे E20 पेट्रोल को सही बताने के लिए कहा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि जो लोग E20 के खिलाफ आवाज उठाते हैं, उनके पेज डाउन कराए जाते हैं, वीडियो हटाए जाते हैं और सोशल मीडिया खाते बंद कराकर प्राथमिकी तक दर्ज कराई जाती है।
आप नेता ने आरोप लगाया कि अलग-अलग तरीकों से लोगों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े देश की जनता को इस तरह दबाया नहीं जा सकता।
E20 नीति को लेकर केंद्र पर लगातार हमलावर हैं केजरीवाल
केजरीवाल इससे पहले भी E20 पेट्रोल को लेकर केंद्र सरकार पर कई आरोप लगा चुके हैं। उनका दावा है कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में E20 मिश्रित पेट्रोल की नीति लागू की है। केजरीवाल का आरोप है कि इसका उद्देश्य अमेरिका से बड़े पैमाने पर एथेनॉल के आयात के लिए भारत में बाजार तैयार करना है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने आवश्यक बुनियादी ढांचे को पर्याप्त रूप से तैयार किए बिना और मौजूदा वाहनों को अधिक एथेनॉल मिश्रण वाले पेट्रोल के अनुकूल बनाए बिना E20 नीति लागू की।
अमेरिका से एथेनॉल आयात का भी किया दावा
केजरीवाल ने दावा किया कि अमेरिका दुनिया में एथेनॉल का सबसे बड़ा उत्पादक है, लेकिन वहां पूरे उत्पादन की खपत नहीं हो पा रही है। उनके अनुसार, अमेरिकी एथेनॉल के लिए बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारत पर E20 नीति लागू करने और अमेरिका से एथेनॉल आयात करने का दबाव बनाया जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि भारत ने पिछले वर्ष अमेरिका से एक अरब लीटर एथेनॉल आयात किया था और इस वर्ष पांच अरब लीटर एथेनॉल आयात किए जाने की संभावना है। केजरीवाल ने यह भी कहा कि अमेरिका में भी पूरे देश में E20 ईंधन लागू नहीं है और वहां कम एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है।
