
उन्नाव(देवेश प्रताप सिंह राठौर) में गणेश मूर्ति विसर्जन और गौरा जुलूस को देखते हुए गुरुवार दोपहर करीब दो बजे प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने शहर में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
डीएम घनश्याम मीणा और एसपी जयप्रकाश सिंह की अगुवाई में अधिकारियों ने कोतवाली क्षेत्र में जुलूस के संभावित रूट का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, ट्रैफिक और बिजली व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि शहर में एक साथ दो कार्यक्रम होने वाले हैं, इसलिए सुरक्षा को लेकर खास सावधानी बरती जा रही है। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि दोनों आयोजनों में कोई दिक्कत न हो।
कार्यक्रम शांति से पूरे हों, इसके लिए संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा इंतजामों की जांच भी की गई।अधिकारियों के मुताबिक, शाम को गणेश प्रतिमाओं की आरती का कार्यक्रम होना है। इसे देखते हुए गौरा जुलूस के आयोजकों से जुलूस के समय में बदलाव करने को कहा गया था। आयोजक भी इस पर सहमत हो गए हैं। प्रशासन चाहता है कि दोनों कार्यक्रम अलग-अलग समय पर पूरे हों, ताकि कोई गड़बड़ी न हो और लोगों को परेशानी न हो। फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने जुलूस के रूट पर आने वाली खास जगहों का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि रूट पर काफी सुरक्षा बल तैनात करें और भीड़ के दौरान लगातार नजर रखें। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था ठीक रखने के लिए भी जरूरी तैयारियां करने को कहा गया। गणेश प्रतिमा पंडालों में बिजली व्यवस्था को लेकर भी विभाग के अधिकारियों ने जांच की है।
प्रशासन के अनुसार, पंडालों में बिजली के तारों और दूसरी व्यवस्थाओं को देखा जा रहा है, ताकि कोई हादसा न हो। जुलूस के दौरान जिन जगहों पर बिजली काटने की जरूरत होगी, उनकी भी पहचान की गई है। अधिकारियों ने कहा कि दोनों आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी करेंगी। आमजन को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सुरक्षा, यातायात और बिजली समेत सभी व्यवस्थाओं को समन्वय के साथ संचालित किया जाएगा।
