गुजरात में बारिश का कहर! नदियां उफान पर, कई इलाके जलमग्न, कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी

अहमदाबाद: गुजरात में मानसून ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। दक्षिण गुजरात में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते कई जिलों में हालात बिगड़ने लगे हैं। नदियां उफान पर हैं और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले छह दिनों के लिए विस्तृत वर्षा पूर्वानुमान जारी करते हुए कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 11.26 इंच बारिश वलसाड जिले की उमरगाम तहसील में दर्ज की गई।

पूर्णा और कावेरी नदी का जलस्तर खतरे के पार

लगातार बारिश के कारण नवसारी जिले में पूर्णा नदी का जलस्तर 24 फीट तक पहुंच गया है, जिससे कई निचले क्षेत्रों में पानी भर गया है। वहीं कावेरी नदी का जलस्तर 27 फीट दर्ज किया गया, जो इसके 19 फीट के खतरे के निशान से काफी ऊपर है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है।

218 सड़कें बंद, लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया

नवसारी में जलभराव और लगातार बारिश को देखते हुए करीब 218 अंदरूनी सड़कों को बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। मंत्री नरेश पटेल ने भी नागरिकों से सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नवसारी में स्थिति अगले दिन और अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकती है।

इस बीच डांग जिले के वाघई में 14 इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि वंसदा में बुधवार रात 10 बजे से 15 इंच से ज्यादा वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

सूरत में बाढ़ जैसे हालात, कई घर पानी में डूबे

सूरत जिले में दोसवाड़ा बांध के ओवरफ्लो होने के बाद मिंधोला नदी में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बारडोली शहर के सिविल कोर्ट क्षेत्र के पास 50 से अधिक घरों में पानी घुस गया है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।

कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को दक्षिण गुजरात के सूरत, डांग, नवसारी, वलसाड, दमण तथा दादरा एवं नगर हवेली में कहीं-कहीं भारी से अति भारी और अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा भरूच, नर्मदा, तापी, महिसागर, छोटा उदेपुर, अरवल्ली, पंचमहाल और दाहोद में भी बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

शुक्रवार को पंचमहाल, दाहोद और महिसागर जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा की आशंका जताई गई है। वहीं वलसाड, नवसारी, तापी, डांग, नर्मदा, खेड़ा, गांधीनगर और साबरकांठा सहित कई जिलों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से लेकर बहुत भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

गिरा वॉटरफॉल पर रोक, प्रशासन ने जारी की चेतावनी

डांग जिले में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण कई प्रमुख नदियों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। अंबिका नदी पर स्थित गिरा वॉटरफॉल में पानी का तेज बहाव देखा जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने पर्यटकों के वॉटरफॉल तक जाने पर रोक लगा दी है और लोगों से नदियों, झरनों तथा निचले इलाकों से दूर रहने की अपील की है।

 

Related posts