चोरों ने अलग-अलग स्थानों पर चोरी कर हजारों का माल किया पार

बांगरमऊ,उन्नाव कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग स्थानो पर अज्ञात चोरों ने धावा बोला। चोरों ने एक आरा मशीन कारखाने से हजारों का माल पार कर दिया। जानकारी होने पर पीड़ितों ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी है।


कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सलारीखेड़ा मजरा हरियावर निवासी जयराम पुत्र दुर्गा प्रसाद के अनुसार घटना 21 अक्टूबर की रात लगभग 12 बजे की है।

उसकी एक लाख रुपये कीमत की भैंस घर के बाहर बंधी थी। आरोप है कि गांव के ही भागीरथ पुत्र शिवरतन और उसका साथी जगदीश पुत्र कल्लू उसकी भैंस को खोलकर ले जा रहे थे। जयराम वहीं चारपाई पर लेटा था। आहट पाकर जब उसकी आंख खुली तो उसने दोनों को भैंस खोलते हुए देखा।

टोकने पर दोनों आरोपी मौके से भाग गए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उक्त दोनों लोग इससे पूर्व 12 सितंबर को भी उसकी एक भैंस चोरी कर ले गए थे। दोनों पिछले लगभग एक माह से शिवप्रकाश पुत्र चुन्नू के कारखाने पर रह रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।

क्षेत्र के ग्राम सुरसेनी निवासी रजा अली पुत्र दिलशाद के अनुसार उसकी आरा मशीन नगर के बाईपास पर है। गत 21 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे वह मशीन बंद करके घर चला गया था। रात में अज्ञात चोरों ने कारखाने के मेन दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर रखे 2 बैटरा और 2 रॉड चुरा लिए। सुबह जब वह आरा मशीन पर पहुंचा तो सामान गायब मिला।पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की है।

Related posts