
तेहरान में मिसाइल गिरी या नहीं इस पर बहस चल रही है। लेकिन प्रयागराज में पानी की बोतल जरूर महंगी हो गई है।
यानी जंग अब टीवी स्क्रीन से निकलकर सीधे किचन, दुकान और जेब तक पहुंच चुकी है। और सबसे बड़ी विडंबना जिसे प्यास बुझानी थी, वही अब महंगाई की आग बढ़ा रहा है।
प्लास्टिक का प्राइस बम: उद्योग की कमर टूटी
प्रयागराज के छोटे-छोटे वाटर प्लांट इन दिनों ‘सर्वाइवल मोड’ में हैं। पीवीसी के दाम 40 रुपये प्रति किलो तक बढ़ चुके हैं, जबकि पीईटी जिससे पानी की बोतल बनती है—उसकी कीमतों में भी जबरदस्त उछाल आया है।
एक कारोबारी ने ऑफ रिकॉर्ड कहा, “अब पानी बेचने से ज्यादा महंगा तो बोतल बनाना पड़ रहा है!”
यह सिर्फ लागत नहीं बढ़ी, यह पूरा बिजनेस मॉडल हिल गया है।
वाटर प्लांट पर ताला: रोजगार पर सीधा वार
पहले जो कच्चा माल 114 रुपये किलो मिलता था, अब 175 रुपये तक पहुंच गया है। नतीजा? 75 रुपये की पानी की पेटी अब 90 रुपये की हो गई। 95 में भी बेचो, तो ग्राहक मुंह फेर लेते हैं। कई प्लांट्स ने पिछले एक हफ्ते से उत्पादन बंद कर दिया है। मजदूर बैठे हैं… मशीनें खामोश हैं… और मालिक बस कैलकुलेटर देख रहा है।
ढक्कन भी बना ‘लक्ज़री आइटम’
कहानी सिर्फ बोतल तक नहीं रुकी। जो ढक्कन पहले 20 पैसे में आता था, अब 40 पैसे का हो गया है वो भी मिल जाए तो किस्मत। मतलब
अब पानी पीना आसान है, लेकिन उसे पैक करना ‘लक्ज़री’ हो गया है।

बाजार का गणित: 10 रुपये की बोतल फिर 10 में, पर कहानी बदली
जीएसटी 2.0 के बाद जो थोड़ी राहत मिली थी, अब वह भी हवा हो चुकी है। 10 रुपये वाली बोतल फिर 10 में आ गई है, लेकिन लागत इतनी बढ़ गई कि मुनाफा गायब हो गया।
2 लीटर की बोतल 27 से 30 रुपये पहुंच गई है। और यह सिर्फ शुरुआत है।
आम जिंदगी पर असर: बाल्टी से लेकर बिस्किट तक महंगा
प्लास्टिक महंगा हुआ, तो असर हर चीज पर पड़ा। बाल्टी, मग, पैकेजिंग सबकी कीमतें 10% तक बढ़ चुकी हैं। छोटे दुकानदार कह रहे हैं
“अब ग्राहक पूछता है, ‘इतना महंगा क्यों?’ हम क्या बताएं—तेल, जंग, डॉलर या किस्मत?”
जंग कहीं भी हो, बिल हमेशा आम आदमी भरता है
दुनिया के बड़े देश रणनीति बना रहे हैं, मिसाइलें लॉन्च हो रही हैं, बयान आ रहे हैं… और यहां? एक दुकानदार 5 रुपये बढ़ाने से डर रहा है कि ग्राहक भाग जाएगा।
यही असली ‘ग्लोबल इम्पैक्ट’ है जहां जंग का फैसला नेता करते हैं, लेकिन कीमत आम आदमी चुकाता है।
लारिजानी खत्म या जिंदा? Israel के हमले के बाद X पर पोस्ट ने मचा दिया भूचाल
