देहरादून: दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड मामले में गिरफ्तार किए गए उत्तराखंड निवासी शेफ केशव नेगी को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस मामले में भारतीय जनता पार्टी के तीन सांसद खुलकर केशव नेगी के समर्थन में सामने आए हैं और दिल्ली पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से भी मामले में न्यायपूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की गई है।
दिल्ली अग्निकांड में 22 लोगों की दर्दनाक मौत के बाद गिरफ्तार किए गए केशव नेगी की गिरफ्तारी को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उत्तराखंड के कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों का दावा है कि मामले में केशव का पक्ष भी गंभीरता से सुना जाना चाहिए।
अनिल बलूनी और त्रिवेंद्र रावत ने उठाई आवाज
गढ़वाल क्षेत्र से जुड़े सांसद अनिल बलूनी और सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को पत्र भेजकर केशव नेगी का पक्ष सुनने का अनुरोध किया है। दोनों सांसदों ने कहा कि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर केशव नेगी प्रथम दृष्टया निर्दोष प्रतीत होते हैं और उनके साथ किसी प्रकार का अन्याय नहीं होना चाहिए।
पत्र में सांसदों ने निष्पक्ष जांच की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को बिना सभी तथ्यों की जांच किए दोषी नहीं माना जाना चाहिए।
परिजनों से मिले सांसद अनिल बलूनी
मामले को लेकर सांसद अनिल बलूनी ने केशव नेगी के परिवार से मुलाकात भी की। उन्होंने पत्नी और बेटी को भरोसा दिलाया कि न्याय की लड़ाई में वे परिवार के साथ खड़े हैं और किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होना बेहद जरूरी है और सभी पक्षों को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए।
अजय भट्ट ने CM रेखा गुप्ता और पुलिस कमिश्नर से की बात
नैनीताल-ऊधमसिंह नगर क्षेत्र से सांसद अजय भट्ट ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली पुलिस आयुक्त से फोन पर बातचीत की। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने का आग्रह किया।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उन्हें आश्वस्त किया कि जांच तथ्यों, साक्ष्यों और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर की जाएगी तथा किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
कांग्रेस भी आई समर्थन में
इस मामले में कांग्रेस ने भी केशव नेगी के परिवार के प्रति समर्थन जताया है। उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने केशव नेगी के पैतृक गांव पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर कांग्रेस पार्टी कानूनी सहायता उपलब्ध कराने में भी परिवार का सहयोग करेगी। उनके अनुसार, न्यायिक प्रक्रिया के दौरान केशव नेगी को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए।
गांव से लेकर सोशल मीडिया तक उठ रहे सवाल
पौड़ी जिले के थलीसैंण ब्लॉक के रिखोली गांव निवासी केशव नेगी की गिरफ्तारी के बाद उत्तराखंड में इस मुद्दे को लेकर बहस तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर भी बड़ी संख्या में लोग गिरफ्तारी को लेकर सवाल उठा रहे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
मामले को लेकर राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की सक्रियता के बीच अब सभी की नजर दिल्ली पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर टिकी हुई है।
