मार्ग दुर्घटना में एक बाइक सवार की मौत जबकि दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल…….

उन्नाव । बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में माढ़ापुर मार्ग स्थित कल्याणी नदी पुल पर दो बाइको की जोरदार सम्यक भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक सवार दूधिये की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय सरकारी अस्पताल द्वारा घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।


कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शिव दुलार पुरवा निवासी श्रुतिमान ऊर्फ चुन्नी यादव के पिता जगत नरायण यादव नगर के नानामऊ मार्ग स्थित मोहल्ला शुक्लाना में दूध डेयरी चलाते हैं। श्रुतिमान 32 वर्ष प्रतिदिन सुबह और शाम बाइक पर दूध के डिब्बे लादकर अपने पिता की डेयरी पर आता था और वह घरों में भी दूध बांटा करता था।

सोमवार को देर शाम श्रुतिमान अपने गांव से बाइक पर दूध के डिब्बे लादकर बांगरमऊ आ रहा था। तभी रास्ते में माढ़ापुर रोड स्थित कल्याणी नदी पुल के निकट सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में श्रुतिमान सहित दूसरी बाइक का चालक भिखारीपुर कस्बा निवासी विशाल 18 वर्ष पुत्र संतोष कुमार दोनों गंभीर घायल हो गए।

सूचना पर पहुंचे परिजनों द्वारा दोनों घायलों को यहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां डॉक्टर ने श्रुतिमान को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल संतोष कुमार की हालत नाज़ुक देखकर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मौत की खबर मिलते ही गांव शिवदुलार पुरवा में कोहराम मच गया।

Related posts