गांधी-शास्त्री जयंती पर छात्राओं को विधिक अधिकारों एवं साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक……

         झांसी । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कमलेश कच्छल के मार्गदर्शन में सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इण्टर कॉलेज, दतिया द्वार बाहर, झाँसी में विधिक साक्षरता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

        कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सिविल जज (सी.डी.)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ईशा त्रिपाठी ने विधिवत ध्वजारोहण किया। इसके उपरांत छात्राओं एवं एनसीसी कैडेट्स द्वारा “गांधी-शास्त्री अमर रहें” के उद्घोष के साथ प्रभात फेरी निकाली गई।

        शिविर को संबोधित करते हुए सचिव ईशा त्रिपाठी ने छात्राओं को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट), 2012 के प्रावधानों, बाल सुरक्षा एवं अधिकारों, ‘गुड टच एवं बैड टच’ के अंतर तथा साइबर सुरक्षा के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार अथवा उत्पीड़न के विरुद्ध निडर होकर आवाज उठाएं। कानून बच्चों की सुरक्षा, गरिमा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

        उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विधिक हेल्पलाइन 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 1090 एवं आपातकालीन सेवा 112 की जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

       इस अवसर पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता की विजेता छात्राओं को सचिव ईशा त्रिपाठी द्वारा ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

        कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से चीफ लीगल एड डिफेंस काउन्सिल प्रतीक समाधिया, डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउन्सिल जितेन्द्र तिवारी, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउन्सिल दीपक मणि एवं अजय राठौर, वरिष्ठ लिपिक आदिल जाफरी तथा पराविधिक स्वयंसेवक मान सिंह कुशवाहा उपस्थित रहे।

       विद्यालय परिवार एवं अतिथियों में डॉ. ए.के. सक्सैना, डॉ. कल्पना सिंह, डॉ. कल्पना वाजपेयी, मनोज चौरसिया, मीरा रायकवार, मानसी शुक्ला, कु. देवप्रिया खन्ना सहित समस्त शिक्षिकाएं, एनसीसी कैडेट्स एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

Related posts