हैदराबाद: तेलंगाना की इंग्लिश एंड फॉरेन लैंग्वेजेज यूनिवर्सिटी के परिसर में NSUI और ABVP से जुड़े छात्रों के बीच झड़प का मामला सामने आया है। 14 अगस्त को हुई इस घटना में सात छात्र घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों छात्र संगठनों से जुड़े सदस्यों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। बताया गया है कि घायलों में चार NSUI और तीन ABVP से जुड़े छात्र हैं। सिर पर गंभीर चोट लगने वाले कुछ छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महिला हॉस्टल में विरोध के बाद बढ़ा विवाद
यह विवाद 14 अगस्त की झड़प से एक दिन पहले शुरू हुआ था। 13 अगस्त को ABVP से जुड़े छात्रों ने महिला हॉस्टल में विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान दोनों छात्र गुटों के कार्यकर्ताओं के बीच बहस हुई थी। इसके अगले दिन मामला झड़प तक पहुंच गया।
NSUI ने ABVP पर लगाए मारपीट के आरोप
NSUI ने ABVP के सदस्यों पर एक छात्र के खिलाफ जातिसूचक टिप्पणी करने और EFLU छात्र संघ के उपाध्यक्ष के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। NSUI का दावा है कि ABVP से जुड़े एक समूह ने उनके सदस्यों पर लाठियों और कांच की बोतलों से हमला किया, जिसमें कई छात्र घायल हुए।
ABVP ने छात्राओं से बदसलूकी का लगाया आरोप
दूसरी ओर, ABVP की EFLU इकाई ने 13 अगस्त की घटना को लेकर अलग पक्ष रखा है। ABVP के मुताबिक, एक वार्डन ने हॉस्टल में रहने की अनुमति मांगने वाली दो छात्राओं से कथित तौर पर बदतमीजी से बात की और उनके बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की। संगठन का दावा है कि उसके सदस्यों ने इस मुद्दे को उठाते हुए छात्रों के समर्थन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया था।
हॉस्टल की सुविधाओं को लेकर भी उठाए सवाल
ABVP ने हॉस्टल में बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया। संगठन ने साफ वॉशरूम और सुरक्षित पेयजल जैसी सुविधाओं को लेकर चिंता जताई। ABVP का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान NSUI के सदस्यों ने बहस और अपशब्दों का इस्तेमाल किया और शांतिपूर्ण विरोध में बाधा डालने की कोशिश की।
दोनों गुटों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस ने रविवार को बताया कि झड़प में सात छात्र घायल हुए हैं। इनमें चार NSUI और तीन ABVP से जुड़े सदस्य हैं। सिर में गंभीर चोट लगने वाले छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिकायत और जवाबी शिकायत के आधार पर उस्मानिया यूनिवर्सिटी थाने में दोनों छात्र गुटों के सदस्यों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं।
ABVP के 7 सदस्य न्यायिक हिरासत में भेजे गए
पुलिस के अनुसार, ABVP के सात सदस्यों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, NSUI के जिन सात सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, उन्हें भी गिरफ्तार किया गया, लेकिन बाद में पुलिस थाने से ही जमानत दे दी गई।
ABVP ने निष्पक्ष जांच और साथियों की रिहाई की मांग की
घटना के बाद ABVP की EFLU इकाई ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। संगठन ने अपने सात साथियों की तत्काल और बिना शर्त रिहाई की भी मांग की है।
