लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। शासन ने शुक्रवार देर रात 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले की सूची जारी कर दी। इस बदलाव में सीतापुर, मुजफ्फरनगर, सिद्धार्थनगर, बिजनौर और महाराजगंज समेत पांच जिलों के जिलाधिकारी भी बदल दिए गए हैं। इसके अलावा विकास प्राधिकरणों, नगर निगमों और विभिन्न विभागों में तैनात कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
पांच जिलों के जिलाधिकारी बदले गए
जारी तबादला सूची के मुताबिक, सीतापुर के जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर को निदेशक सूडा बनाया गया है। उनकी जगह प्रथमेश कुमार को सीतापुर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
महाराजगंज के डीएम गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर भेजा गया है, जबकि सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन को महाराजगंज की जिम्मेदारी दी गई है।
मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी उमेश मिश्रा को हटाकर नगर विकास विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। उनकी जगह ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार सिंह को मुजफ्फरनगर का नया डीएम नियुक्त किया गया है।
इसी तरह बिजनौर के जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह को विशेष सचिव, लोक निर्माण विभाग बनाया गया है। उनकी जगह नमामि गंगे के विशेष सचिव जोगिंद्र सिंह को बिजनौर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
लखनऊ, मेरठ और गाजियाबाद में भी नई तैनाती
तबादला सूची में कई विकास प्राधिकरणों और नगर निगमों के अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं। अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। विक्रमादित्य सिंह मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
हिमांशु नागपाल को गाजियाबाद का नगर आयुक्त और शाश्वत त्रिपुरारी को वाराणसी का नगर आयुक्त बनाया गया है। अभिषेक कुमार को गोरखपुर का मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) नियुक्त किया गया है।
संजय कुमार मीणा को यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण, नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। वंदना त्रिपाठी को सहारनपुर मंडल का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
प्रीति जायसवाल को नोएडा और नूपुर गोयल व प्रवीण वर्मा को ग्रेटर नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। श्रीलक्ष्मी वीएस को महिला कल्याण विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
राजेश कुमार को अयोध्या का सीडीओ और कृष्ण कुमार सिंह को यमुना प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। नितिन मदान को यूपी जल निगम (नगरीय) का संयुक्त प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।
महेंद्र बहादुर सिंह को निदेशक सूडा के साथ यूपी जल निगम (नगरीय) का संयुक्त प्रबंध निदेशक बनाया गया है।
योगेंद्र कुमार को फिरोजाबाद का सीडीओ बनाया गया
अन्य तबादलों में प्रत्युष पाण्डेय को यूपीडा का अपर परियोजना निदेशक बनाया गया है। संदीप कुमार को मेरठ का सीडीओ और पवन कुमार मीना को नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।
पूनम निगम को फतेहपुर का सीडीओ बनाया गया है। सुनील कुमार चौधरी को राजस्व परिषद, लखनऊ में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। शाहिद अहमद को डॉ. राम मनोहर लोहिया प्रशासन अकादमी का अपर निदेशक नियुक्त किया गया है।
शिशिर कुमार सिंह को श्रावस्ती और शैलेंद्र कुमार सिंह को अलीगढ़ का सीडीओ बनाया गया है। योगेंद्र कुमार को फिरोजाबाद का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।
शत्रोहन वैश्य को यमुना प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। मनोज कुमार-1 को वाराणसी मंडल का अपर आयुक्त और अतुल कुमार को बरेली मंडल का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
मंजूलता को मुरादाबाद का अपर नगर आयुक्त और प्रतिभा सिंह को कानपुर मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। वहीं, सौम्य श्रीवास्तव को अपर स्थानीय आयुक्त के पद से हटाकर विशेष कार्याधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
