लखनऊ से गोवा समेत कई उड़ानें हो सकती हैं बंद: 300 फ्लाइट्स घटाने की तैयारी में इंडिगो, दिल्ली–मुंबई रूट भी होंगे प्रभावित

लखनऊ: लखनऊ एयरपोर्ट से गोवा समेत कई प्रमुख रूटों की उड़ानें बंद होने की आशंका जताई जा रही है। विमानन कंपनी इंडिगो देशभर में अपनी लगभग 300 उड़ानों में कटौती की तैयारी कर रही है, जिसका सीधा असर लखनऊ से जुड़े हवाई रूटों पर भी पड़ सकता है।

महंगे एटीएफ के कारण उड़ानों में कटौती की तैयारी
सूत्रों के अनुसार, एयर टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) की बढ़ती कीमतों के चलते एयरलाइन कंपनियां अपनी संचालन लागत कम करने के लिए कम यात्री भार वाले रूटों पर उड़ानें घटाने की रणनीति पर काम कर रही हैं। इसी क्रम में कई फ्लाइट्स को शेड्यूल से हटाने या स्थगित करने की तैयारी है।

गोवा फ्लाइट पर संकट, दिल्ली–मुंबई रूट भी होंगे प्रभावित
जानकारी के मुताबिक, लखनऊ से गोवा की फ्लाइट जुलाई में बंद हो सकती है। इसके अलावा दिल्ली और मुंबई रूट पर उड़ानों की संख्या में भी कमी संभव है। वर्तमान में लखनऊ से दिल्ली के लिए 12 से 13, मुंबई के लिए 10 से 12 और बेंगलुरु के लिए लगभग 9 उड़ानें संचालित हो रही हैं, जिनमें कुछ फेरे घटाए जा सकते हैं।

कम यात्री वाले रूटों पर सबसे ज्यादा असर
एयरलाइन की ओर से ऐसे रूटों की पहचान की जा रही है जहां यात्रियों की संख्या औसत से कम है। ऐसे रूटों को या तो बंद किया जाएगा या फिर उनकी उड़ानों की आवृत्ति कम की जाएगी, ताकि संचालन लागत को नियंत्रित किया जा सके।

लखनऊ–नोएडा नई उड़ानों से बदलेगा समीकरण
सूत्रों के अनुसार, इंडिगो लखनऊ और नोएडा के बीच चार नई उड़ानें शुरू करने की योजना बना रहा है। इससे दिल्ली रूट की मांग प्रभावित हो सकती है, क्योंकि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद क्षेत्र के यात्रियों के लिए यह नया विकल्प उपलब्ध होगा।

पहले भी घट चुकी हैं कई उड़ानें
इससे पहले लखनऊ एयरपोर्ट के रनवे मरम्मत कार्य के दौरान भी कई उड़ानें प्रभावित हुई थीं। उस समय 38 से अधिक फ्लाइट्स अस्थायी रूप से बंद या री-शेड्यूल करनी पड़ी थीं, जिनमें गोवा, पुणे और बेंगलुरु जैसे रूट शामिल थे।

 

Related posts