रामगढ़: उत्तराखंड के रामगढ़ में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भवाली से मुक्तेश्वर जा रहा पर्यटकों से भरा टेंपो ट्रैवलर मल्ला रामगढ़ के पास करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि 19 पर्यटक घायल हुए हैं। घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जिनमें से छह की हालत गंभीर होने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया। हादसे में घायल सभी पर्यटक दिल्ली और फरीदाबाद के रहने वाले बताए गए हैं।
पैराफिट तोड़कर खाई में गिरा टेंपो ट्रैवलर
पुलिस के मुताबिक, टेंपो ट्रैवलर भवाली से पर्यटकों को लेकर मुक्तेश्वर जा रहा था। मल्ला रामगढ़ में लक्ष्मीखान तिराहे से करीब एक किलोमीटर आगे पहुंचने पर चालक यश ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद ट्रैवलर सड़क किनारे बने पैराफिट को तोड़ते हुए करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
वाहन के खाई में गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास से गुजर रहे लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। राहत और बचाव दल के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने मानव शृंखला बनाकर घायलों को खाई से बाहर निकालने का प्रयास शुरू कर दिया।
भारी बारिश के बीच चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही भवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। भारी बारिश और खड़ी पहाड़ी के कारण राहत एवं बचाव अभियान में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में 12 पुरुष, आठ महिलाएं और एक 10 माह का बच्चा शामिल है। छह घायलों की स्थिति गंभीर बताई गई, जिसके बाद उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया।
दो घायलों ने अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
सीएचसी रामगढ़ के चिकित्सा प्रभारी डॉ. प्रदीप पांडे के अनुसार, 24 वर्षीय सुमित पाल सिंह, पुत्र कनक पाल सिंह, ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। वहीं 26 वर्षीय प्रदीप को गंभीर हालत में हल्द्वानी रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।
हादसे के बाद वाहन के नीचे एक यात्री अभिषेक दब गया था। उसे क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या तीन हो गई।
इन घायलों का चल रहा इलाज
हादसे में घायल मनीष, तुषार, रितिका, अंजलि, अजय, सोनिया, मिष्ठी, मयंक, यश और पायल समेत अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस और राहत दल हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं।
