हैदराबाद में सांसद के बेटे की तेज रफ्तार कार ने ली युवती की जान, मां बोली- हमारा सहारा छिन गया

हैदराबाद: राज्यसभा सांसद के बेटे की तेज रफ्तार एस्टन मार्टिन कार की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवती की मौत हो गई। युवती हैदराबाद के माधापुर इलाके में सड़क पार कर रही थी। हादसे के बाद मृतका की मां ने रोते हुए कहा कि परिवार पूरी तरह बेटी पर निर्भर था और उसकी मौत से उनका सहारा छिन गया। पुलिस ने मामले में आरोपी को नोटिस जारी कर स्टेशन से जमानत दे दी है।

16 अगस्त को इनऑर्बिट मॉल के पास हुआ हादसा

माधापुर में 16 अगस्त को यह हादसा उस समय हुआ, जब 26 वर्षीय भारती मुखी अपने काम की जगह के पास सड़क पार कर रही थी। भारती हैदराबाद के इनऑर्बिट मॉल स्थित लाइफस्टाइल कपड़ों के स्टोर में काम करती थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार एस्टन मार्टिन कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, कार राज्यसभा सांसद लिंगमनेनी रमेश के 21 वर्षीय बेटे लिंगमनेनी संजूश चला रहे थे। साइबराबाद पुलिस ने संजूश को चालक के तौर पर चिन्हित किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत केस दर्ज किया गया है। यह धारा लापरवाही या जल्दबाजी में किए गए ऐसे कृत्य से मौत से संबंधित है, जो गैर-इरादतन हत्या की श्रेणी में नहीं आता।

मां बोलीं- बेटी पर पूरा परिवार था निर्भर

भारती की मां आनंदिनी मुखी ने बताया कि उन्होंने बेहद मुश्किल परिस्थितियों में बेटी की परवरिश की और उसकी पढ़ाई का खर्च उठाया। भारती ने डिप्लोमा कोर्स किया था और बाद में बीटेक में भी दाखिला लिया था। कोविड लॉकडाउन के दौरान उसकी पढ़ाई प्रभावित हो गई।

इसके बाद भारती को नौकरी मिली और वह पिछले चार-पांच साल से हैदराबाद में काम कर रही थीं। मां के मुताबिक, बेटी नियमित रूप से घर आती-जाती थी और परिवार की आर्थिक मदद के लिए पैसे भी भेजती थी। उन्होंने कहा कि परिवार की कई जरूरतें बेटी की कमाई से पूरी होती थीं।

अस्पताल में भर्ती होने की मिली थी जानकारी

मां ने बताया कि हादसे के बाद किसी लड़की ने फोन कर उन्हें जानकारी दी कि भारती का एक्सीडेंट हो गया है और वह कुछ बोल नहीं पा रही हैं। उन्हें बताया गया कि भारती को अस्पताल ले जाया गया है, लेकिन अस्पताल में किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही थी। इसके बाद लगातार फोन आने लगे और परिवार को बेटी की मौत की जानकारी मिली।

मां ने कहा कि उनकी बेटी अभी बहुत छोटी थी और उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि वह इतनी जल्दी दुनिया से चली गई।

पुलिस ने आरोपी को भेजा नोटिस, स्टेशन से मिली जमानत

माधापुर पुलिस ने लिंगमनेनी संजूश को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को उसी दिन हिरासत में लिया गया था। उसका सांस और नशे से संबंधित परीक्षण कराया गया, जिसके परिणाम नकारात्मक आए। उसके नमूनों का एक और सेट लेकर फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है।

पुलिस ने बताया कि अपराध जमानती होने और अधिकतम सजा सात साल से कम होने के कारण संजूश को गिरफ्तार नहीं किया गया। उन्हें थाने से ही जमानत दे दी गई।

सांसद बोले- बेटे ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया

राज्यसभा सांसद लिंगमनेनी रमेश ने घटना पर दुख जताते हुए अपने बेटे का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि हादसे के वक्त कार उनका 21 वर्षीय बेटा ही चला रहा था। सांसद के मुताबिक, दुर्घटना के तुरंत बाद संजूश ने बिना देरी किए युवती को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

रमेश ने कहा कि उनका परिवार पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करेगा। उन्होंने लोगों से जांच पूरी होने से पहले किसी तरह की राय नहीं बनाने की अपील भी की।

पुलिस के मुताबिक जांच जारी है और हादसे से जुड़े साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

 

Related posts