कन्नौज: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में देर रात डीजे को लेकर कांवड़ियों और पुलिस के बीच जमकर विवाद हो गया। शहर के अंदर डीजे ले जाने पर पुलिस की आपत्ति के बाद मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों में झड़प के साथ धक्का-मुक्की हुई। नाराज कांवड़िए सड़क पर बैठकर धरने पर उतर गए। हालात बिगड़ते देख प्रशासन के अधिकारियों ने हाथ जोड़कर कांवड़ियों से माफी मांगी। वहीं, कोतवाल जितेंद्र ने कांवड़ियों के सामने इस्तीफा देने तक की बात कह दी। इसके बाद कांवड़ियों ने अपना विरोध खत्म कर दिया।
करीब 30 वर्षों से हरदोई जिले के बिलग्राम और आसपास के इलाकों से हजारों कांवड़िए शुक्रवार को कन्नौज के सिद्धपीठ गौरीशंकर मंदिर में गंगाजल चढ़ाने पहुंचते हैं। कांवड़ियों के लिए कन्नौज के बोर्डिंग ग्राउंड में भोजन, पानी और सेवा-सत्कार की व्यवस्था की जाती है।
शहर के अंदर डीजे ले जाने पर बवाल
इस बार भी कांवड़ियों का जत्था डीजे बजाते हुए आगे बढ़ रहा था। शहर के अंदर डीजे ले जाने पर पुलिस ने आपत्ति जताई। इसको लेकर कांवड़िए नाराज हो गए और पुलिस के साथ उनकी तीखी झड़प हो गई। विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद कांवड़ियों ने सड़क पर बैठकर धरना शुरू कर दिया और काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
अधिकारियों ने हाथ जोड़कर मांगी माफी
मामला बढ़ता देख पुलिस और प्रशासन के अधिकारी बैकफुट पर आ गए। एडीएम देवेंद्र ने कांवड़िया संगठन के प्रमुख से बातचीत की और पुलिस की गलती के लिए हाथ जोड़कर माफी मांगी। अधिकारियों ने कांवड़ियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन विवाद के दौरान कोतवाल पर अभद्र व्यवहार के आरोप भी सामने आए।
कांवड़ियों के बीच कोतवाल ने कहा- इस्तीफा दे दूंगा
मामला ज्यादा तूल पकड़ने के बाद कोतवाल जितेंद्र ने कांवड़ियों से भरे मैदान में अपने इस्तीफे की घोषणा कर दी। कोतवाल के इस ऐलान के बाद कांवड़ियों ने संतुष्टि जताई और अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
आखिरकार शहर के अंदर गया डीजे
शहर के भीतर डीजे नहीं ले जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिरकार डीजे के शहर के अंदर जाने के बाद खत्म हुआ। मामले की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने आयोजकों से बातचीत की और स्थिति को संभाला।
