विज्ञापन स्टिकरों से बदरंग हुआ था “I LOVE UNNAO” सेल्फी प्वाइंट, भारत……

“राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी” तथा “पंडित लाल बहादुर शास्त्री जी” की जयंती पर संस्था के पदाधिकारियों ने हाथों से हटाए चिपकाए गए स्टिकर

उन्नाव, 2 अक्टूबर ।
“राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी” एवं “पंडित लाल बहादुर शास्त्री जी” की जयंती के अवसर पर भारत उन्नयन समिति के पदाधिकारियों ने स्वच्छता के प्रति जन जागरूकता का अनूठा संदेश देते हुए उन्नाव शहर के प्रमुख मार्ग निकट निराला उद्यान पर बनाए गए “I LOVE UNNAO” सेल्फी प्वाइंट की सफाई की ।

सेल्फी प्वाइंट पर विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बड़े-बड़े विज्ञापन स्टिकर चिपका दिए गए थे,जिन्हें संस्था के पदाधिकारियों ने स्वयं पानी डालकर हाथों से हटाया ।

इस स्वच्छता अभियान में भारत उन्नयन समिति के जिला अध्यक्ष हिमांशु शर्मा,जिला उपाध्यक्ष डॉ. अंशुमान अग्निहोत्री,आजीवन सदस्य सौरभ राज भारती,आजीवन सदस्य शिव नारायण सिंह तथा संस्था के संस्थापक एवं उन्नाव में स्वच्छता की ज्योति जलाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता शैलेन्द्र पाण्डेय ‘स्वच्छता का चौकीदार’ ने श्रमदान किया ।

संस्था के संस्थापक शैलेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि वे वर्ष 2018 से प्रत्येक सप्ताह अपने सहयोगियों के साथ स्वच्छता जन जागरूकता महा अभियान संचालित करते आ रहे हैं। वर्ष 2023 में भारत उन्नयन समिति के नाम से सामाजिक संस्था का पंजीकरण कराया गया,जिसके माध्यम से स्वच्छता,स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रम निरंतर संचालित किए जा रहे हैं ।

उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा प्राथमिक विद्यालयों एवं इंटर कॉलेजों में जाकर छात्र-छात्राओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वयं श्रमदान कर सफाई करने का कार्य भी किया जाता है अब तक कल्याणी मंदिर,सिद्धनाथ मंदिर,शुक्लागंज का पुराना गंगापुल, बिठूर घाट,उन्नाव रोडवेज बस स्टैंड,उन्नाव रेलवे स्टेशन,गदनखेड़ा बाईपास एवं लखनऊ बाईपास सहित अनेक स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाए जा चुके हैं ।

इसके अलावा संस्था द्वारा उन्नाव के प्रमुख चौराहों पर माइक के माध्यम से पटरी एवं स्थायी दुकानदारों को सड़क पर कूड़ा न फेंकने तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए लगातार जागरूक किया जाता रहा है ।

शैलेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि “महात्मा गांधी ” ने स्वच्छता को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा माना था इसलिए “गांधी जयंती” के अवसर पर केवल माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि तक सीमित रहने के बजाय स्वयं श्रमदान कर “स्वच्छता का संदेश देना आवश्यक है” उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों की सुंदरता बनाए रखना केवल प्रशासन का दायित्व नहीं,बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है ।

उन्होंने दुकानदारों एवं प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की कि अपने विज्ञापन सार्वजनिक संपत्तियों,सेल्फी प्वाइंटों,दीवारों अथवा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर स्टिकर के रूप में चिपकाकर शहर की सुंदरता खराब न करें ।

शैलेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि आज कुछ स्टिकर हटाए गए हैं लेकिन फेविकोल के कारण कुछ अवशेष एवं स्टिकर अभी शेष हैं भारत उन्नयन समिति के पदाधिकारी आगामी दो-चार दिनों में पुनः वहां पहुंचकर शेष सफाई कार्य करेंगे और उसका वीडियो भी आमजन के समक्ष साझा किया जाएगा ।

Related posts