यूपी में प्रशासनिक फेरबदल की बड़ी लिस्ट जारी, IAS के बाद 55 PCS अधिकारियों के तबादले; कई विकास प्राधिकरणों में बदले सचिव

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर तबादलों का सिलसिला तेज हो गया है। आईएएस अधिकारियों के फेरबदल के बाद रविवार देर रात 55 पीसीएस अधिकारियों को भी नई तैनाती दे दी गई। इस सूची में कई विकास प्राधिकरणों के सचिव, मंडलायुक्त कार्यालयों में तैनात अधिकारी, नगर निकायों के अफसर और उप जिलाधिकारी शामिल हैं। इससे पहले दो चरणों में 42 अधिकारियों के तबादले किए जा चुके हैं।

बताया जा रहा है कि चुनाव आयोग की ओर से एक जिले में तीन साल से तैनात अधिकारियों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद प्रदेश में तबादलों की प्रक्रिया तेज हुई है। रविवार को जारी सूची में अधिकारियों को अलग-अलग विभागों और जिलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

किस अधिकारी को कहां मिली तैनाती?

अमरपाल सिंह को अपर आयुक्त सहारनपुर बनाया गया है। विवेक कुमार मिश्रा को वाराणसी विकास प्राधिकरण का सचिव, सुशील प्रताप सिंह को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण का सचिव और अतुल कुमार को लखनऊ विकास प्राधिकरण का सचिव नियुक्त किया गया है।

डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा को एडीएम हापुड़, बृजेश कुमार सिंह को ओएसडी नोएडा, पंकज कुमार को अपर आयुक्त चित्रकूट धाम, आलोक कुमार वर्मा को सचिव अयोध्या विकास प्राधिकरण और विनय कुमार सिंह-2 को सचिव मेरठ विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी दी गई है।

अयोध्या विकास परिषद और संस्कृति विभाग में भी नियुक्तियां

क्रांति शेखर सिंह को विशेष कार्याधिकारी, दादरी-नोएडा-गाजियाबाद निवेश क्षेत्र में तैनात किया गया है। ज्ञान चंद्र गुप्ता को संयुक्त सीईओ, अयोध्या तीर्थ विकास परिषद बनाया गया है।

जयजीत कौर होरा को भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय का कुलसचिव और संस्कृति निदेशालय का अपर निदेशक नियुक्त किया गया है। रमेश यादव को अपर आयुक्त मेरठ मंडल, ज्योति सिंह को अपर आयुक्त वाराणसी मंडल और विवेक कुमार यादव को अपर आयुक्त आगरा मंडल की जिम्मेदारी मिली है। सुशील कुमार गोंड को उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है।

नगर निगमों में भी बदले अधिकारी

नगर निकायों में भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। माया शंकर यादव को अपर नगर आयुक्त मेरठ, अविनाश त्रिपाठी को अपर नगर आयुक्त नगर निगम लखनऊ, रामकुमार को सहायक नगर आयुक्त नगर निगम वाराणसी और आरती को सहायक नगर आयुक्त नगर निगम मुरादाबाद नियुक्त किया गया है। इसके अलावा कई उप जिलाधिकारियों और अपर जिलाधिकारियों को भी नई तैनाती दी गई है।

चार आईएएस अधिकारियों के भी हुए तबादले

रविवार दोपहर चार आईएएस अधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया गया था। वर्ष 2022 बैच के शैलेंद्र कुमार सिंह को फिरोजाबाद का मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बनाया गया है। इससे पहले वह यमुना एक्सप्रेसवे अथॉरिटी में एसीईओ के पद पर तैनात थे।

आगरा में अपर आयुक्त प्रतिभा सिंह को फिरोजाबाद-शिकोहाबाद विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। फिरोजाबाद के सीडीओ शत्रोहन वैश्य को श्रम विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं, नोएडा में एसीईओ वंदना त्रिपाठी को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है।

दो दिन पहले 38 आईएएस अधिकारियों की सूची आई थी

इससे पहले शुक्रवार देर रात प्रदेश सरकार ने पांच जिलों के जिलाधिकारियों समेत 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए थे। मुजफ्फरनगर, सीतापुर, महाराजगंज, बिजनौर और सिद्धार्थनगर के डीएम बदले गए थे। इसके अलावा विकास प्राधिकरणों के उपाध्यक्ष, नगर आयुक्त और मुख्य विकास अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया था।

सीतापुर के डीएम राजागणपति आर. को निदेशक सूडा बनाया गया, जबकि लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार को सीतापुर का नया डीएम नियुक्त किया गया। महाराजगंज और सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारियों की अदला-बदली की गई। महाराजगंज के डीएम गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर और सिद्धार्थनगर के डीएम शिवशरणप्पा जीएन को महाराजगंज भेजा गया।

मुजफ्फरनगर के डीएम उमेश मिश्रा को हटाकर विशेष सचिव नगर विकास बनाया गया। उनकी जगह ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार सिंह को जिले की कमान सौंपी गई। बिजनौर के डीएम उमेश प्रताप सिंह को विशेष सचिव लोक निर्माण विभाग बनाया गया, जबकि नमामि गंगे के विशेष सचिव जोगिंद्र सिंह को बिजनौर का नया डीएम नियुक्त किया गया।

एलडीए के उपाध्यक्ष बने मुख्यमंत्री के विशेष सचिव अनुज सिंह

मुख्यमंत्री के विशेष सचिव अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। गाजियाबाद के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष और संभागीय खाद्य नियंत्रक मेरठ की जिम्मेदारी दी गई है।

वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को नगर आयुक्त गाजियाबाद बनाया गया। शाश्वत त्रिपुरारी को गोरखपुर के सीडीओ पद से हटाकर नगर आयुक्त वाराणसी नियुक्त किया गया है। अभिषेक कुमार को विशेष सचिव आईटी से सीडीओ गोरखपुर बनाया गया। मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है।

नोएडा की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी को अपर आयुक्त सहारनपुर मंडल बनाया गया है। बरेली मंडल की अपर आयुक्त प्रीति जायसवाल को नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया। नूपुर गोयल को मेरठ के सीडीओ पद से हटाकर ग्रेटर नोएडा में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रवीण वर्मा को भी ग्रेटर नोएडा में यही जिम्मेदारी सौंपी गई है।

श्रीलक्ष्मी वीएस को महिला कल्याण विभाग भेजा गया

ग्रेटर नोएडा की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस को विशेष सचिव महिला कल्याण बनाया गया है। यमुना प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश कुमार को सीडीओ अयोध्या और अयोध्या के सीडीओ कृष्ण कुमार सिंह को यमुना प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है।

नितिन मदान को यमुना प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी पद से हटाकर उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) का संयुक्त प्रबंध निदेशक बनाया गया है। विशेष सचिव नगर विकास महेंद्र बहादुर सिंह को निदेशक सूडा और उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) का संयुक्त प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।

विशेष सचिव समन्वय प्रत्युष पाण्डेय को अपर परियोजना निदेशक यूपीडास्प बनाया गया है। उन्हें उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के अपर निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

कई जिलों के सीडीओ और मंडलीय अधिकारियों का कार्यक्षेत्र बदला

एडीएम हापुड़ संदीप कुमार को सीडीओ मेरठ बनाया गया है। फतेहपुर के सीडीओ पवन कुमार मीना को विशेष सचिव नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की उप सचिव पूनम निगम को सीडीओ फतेहपुर नियुक्त किया गया है।

डॉ. राम मनोहर लोहिया प्रशासन अकादमी के अपर निदेशक सुनील कुमार चौधरी को अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त, राजस्व परिषद लखनऊ बनाया गया है। श्रावस्ती के सीडीओ शाहिद अहमद को प्रशासन अकादमी का अपर निदेशक नियुक्त किया गया। अलीगढ़ में संयुक्त मजिस्ट्रेट शिशिर कुमार सिंह को सीडीओ श्रावस्ती और यमुना प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह को सीडीओ अलीगढ़ के साथ संभागीय खाद्य नियंत्रक अलीगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है।

अलीगढ़ के सीडीओ योगेंद्र कुमार को सीडीओ फिरोजाबाद और फिरोजाबाद के सीडीओ शत्रोहन वैश्य को यमुना प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। बरेली मंडल के अपर आयुक्त मनोज कुमार-1 को अपर आयुक्त वाराणसी मंडल और मुरादाबाद के अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार को अपर आयुक्त बरेली मंडल नियुक्त किया गया है।

आगरा मंडल की अपर आयुक्त मंजूलता को अपर नगर आयुक्त मुरादाबाद और प्रतिभा सिंह को अपर आयुक्त कानपुर मंडल बनाया गया है। वहीं, सौम्य श्रीवास्तव से विशेष कार्याधिकारी ग्रेटर नोएडा का प्रभार वापस ले लिया गया है।

Related posts