ऊना: हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री से हिमाचल प्रदेश के ऊना स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीर निगाह पहुंचे श्रद्धालुओं का जत्था मंगलवार सुबह हादसे का शिकार हो गया। पीर निगाह मंदिर से करीब 2 किलोमीटर दूर श्रद्धालुओं से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में 50 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने ट्रक में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकालने का प्रयास किया। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस और स्थानीय लोगों के वाहनों की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया।
माता नैना देवी के दर्शन के लिए जा रहे थे श्रद्धालु
बताया गया कि हरियाणा के करनाल, पानीपत, फतेहाबाद और आसपास के इलाकों से श्रद्धालु अपने रिश्तेदारों के साथ रविवार को पीर निगाह पहुंचे थे। पीर निगाह में माथा टेकने और भंडारा आयोजित करने के बाद मंगलवार सुबह करीब 50 से 60 श्रद्धालु माता नैना देवी के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान मंदिर से करीब 2 किलोमीटर दूर ट्रक एक खतरनाक मोड़ पर अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा।
गंभीर घायलों को पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया
दुर्घटना में घायल श्रद्धालुओं को तत्काल उपचार के लिए ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल लाया गया। जिन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। वहीं, जिन घायलों की हालत स्थिर है, उन्हें वाहनों के जरिए उनके पैतृक गांव इंद्री वापस भेजा जा रहा है।
पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। तहसीलदार ऊना की ओर से घायलों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
हर साल पीर निगाह में झंडा रस्म के लिए आते हैं श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालु हर साल की तरह इस बार भी पीर निगाह दरबार में झंडा रस्म अदा करने पहुंचे थे। इसके बाद उनका माता नैना देवी के दर्शन कर वापस घर लौटने का कार्यक्रम था। इसी दौरान पीर निगाह के पास खतरनाक मोड़ पर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और ट्रक खाई में जा गिरा।
