बारिश से फसलों के नुकसान का आंकलन कर किसानों को दिलाएं मुआवजा :- डीएम

झांसी (देवेश प्रताप सिंह राठौर): आज जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान जनपद में हुई असमय बारिश से किसानों की बर्बाद हुई फसल की जानकारी ली और अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों का हित सरकार की प्राथमिकता है। ऐसे में बारिश के कारण फसलों को हुए नुकसान का त्वरित आंकलन कर राहत पहुंचाना सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी गौरांग राठी ने जनपद में तहसील स्तर पर टीम गठित कर निर्देश दिए कि राजस्व, कृषि विभाग व बीमा कंपनी फसल नुकसान का तत्काल कराएं। संयुक्त सर्वे कराकर फसल नुकसान की स्थिति से शासन को अवगत कराएं, जिससे किसानों का तत्काल मुआवजा दिलाया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। आपदा में उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और सुनिश्चित करें कि किसान को अनावश्यक परेशानी न हो।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फील्ड में रहकर स्थिति का जायजा लें और प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का वास्तविक आंकलन कराएं, जिससे किसानों को समय पर उचित सहायता मिल सके। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को भी निर्देश दिया कि फील्ड स्तर पर कार्यरत अधिकारियों से सीधा संपर्क और समन्वय बनाए रखें। सभी सूचनाएं समय पर एकत्र कर शासन को उपलब्ध कराई जाएं, जिससे राहत कार्यों में देरी न हो।

जिलाधिकारी का इस बात पर भी विशेष जोर रहा कि फसलों को हुई क्षति का आंकलन प्राप्त होते ही मुआवजा वितरण की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भुगतान व्यवस्था समयबद्ध ढंग से हो, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद की सभी तहसीलों में टीम गठित कर दी गई है, जिसमें लेखपाल, प्राविधिक सहायक (ग्रुप-सी) बीटीएम/एटीएम के साथ बीमा कंपनी के प्रतिनिधि को भी शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि टीम द्वारा प्रतिदिन उनके किए जा रहे कार्यों का लेखाजोखा और सूचनाएँ एकत्र की जा रही हैं।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा, एसडीएम न्याय झांसी सुभेंदु शेखर सिंह,किसान सुगर सिंह पुत्र दुर्गा प्रसाद निवासी कोछांभांवर मौजा मडोरा सहित अन्य उपस्थित रहे।

Related posts