‘हमास डालेगा हथियार, लौटेगी इजरायली सेना’… ट्रंप का बड़ा दावा, गाजा के लिए 20 प्वाइंट प्लान का किया ऐलान

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गाजा में जारी संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में बड़ी प्रगति का दावा करते हुए कहा है कि नवगठित ‘शांति बोर्ड’ ने हमास और गाजा में सक्रिय अन्य सभी सशस्त्र समूहों के पूर्ण निरस्त्रीकरण पर एक ऐतिहासिक समझौता किया है। ट्रंप के मुताबिक, इस समझौते के तहत हमास हथियार डालेगा और उसके बाद इजरायली सेना चरणबद्ध तरीके से गाजा से वापस लौटेगी।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर कहा कि यह समझौता स्थायी शांति और सुरक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने इसे गाजा के लिए अपनी 20 सूत्री योजना के क्रियान्वयन में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

चरणबद्ध तरीके से लागू होगी पूरी योजना

ट्रंप के अनुसार, समझौते को तय चरणों में लागू किया जाएगा। सबसे पहले हमास और अन्य सशस्त्र समूहों का पूर्ण निरस्त्रीकरण होगा। इसके बाद इजरायली सेना गाजा से पीछे हटेगी।

उन्होंने बताया कि इजरायली सेना की वापसी के बाद अंतरराष्ट्रीय स्थिरीकरण बल नई फ़लस्तीनी पुलिस के साथ मिलकर गाजा में सुरक्षा व्यवस्था संभालेगा, ताकि यह क्षेत्र अपने निवासियों और पड़ोसी देशों के लिए सुरक्षित बन सके।

मिस्र, कतर और तुर्की की भूमिका की सराहना

अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस समझौते में मध्यस्थता करने वाले मिस्र, कतर और तुर्की का आभार जताया। साथ ही अपने प्रशासन और टीम की भूमिका की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके निरंतर प्रयासों से यह समझौता संभव हो सका।

ट्रंप ने कहा कि यह ऐसी उपलब्धि है, जिसे कई लोगों ने कभी संभव नहीं माना था। उन्होंने इसे शांति प्रक्रिया के लिए एक ऐतिहासिक सफलता बताया।

‘गाजा अब सुरक्षा के लिए खतरा नहीं बनेगा’

ट्रंप ने 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए हमले का उल्लेख करते हुए कहा कि गाजा से उस तरह का सुरक्षा खतरा दोबारा पैदा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि पिछले एक वर्ष के दौरान इस दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

उन्होंने कहा कि एक समय क्षेत्र में भीषण युद्ध, मानवीय संकट और बंधकों की कैद जैसी गंभीर परिस्थितियां थीं, लेकिन अब स्थिति बदलने की दिशा में उल्लेखनीय कदम उठाए गए हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि अभी काफी काम किया जाना बाकी है।

क्या है ‘शांति बोर्ड’?

‘शांति बोर्ड’ डोनाल्ड ट्रंप द्वारा दावोस में शुरू किया गया एक अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता मंच है। ट्रंप इसके अध्यक्ष हैं। इसके कार्यकारी बोर्ड में कई वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी और अंतरराष्ट्रीय हस्तियां शामिल हैं। इनमें अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, विशेष दूत स्टीव विटकॉफ, ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर और जेरेड कुशनर भी शामिल हैं।

 

Related posts