टप्पेबाजी की घटना में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट

उन्नाव।बांगरमऊ नगर में टप्पेबाजों ने एक महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर उसके जेवरात लूट लिए। पीड़िता की तहरीर पर घटना के 10 दिन बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।


कोतवाली मे दर्ज रिपोर्ट के अनुसार क्षेत्र के ग्राम छोटी जमुनिहा निवासी छेदाना उर्फ कुसमा पत्नी छेदी लाल गत 18 अक्टूबर को शाम करीब 4 बजे बांगरमऊ से बाजार कर अपने घर वापस जा रही थी। तभी नगर के हरदोई उन्नाव मार्ग स्थित बैंक ऑफ इंडिया की सीढ़ियों के पास से एक महिला और उसके साथ तीन पुरुषों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।

आरोप है कि करीब आकर बातों के मोहजाल में फंसाकर छलपूर्वक कोई नशीला पदार्थ नाक में सुंघा दिया और हाथ की तीन उंगलियों में पहनी तीन सोने की अंगूठी तथा पर्स में रखी एक सोने की चेन व एक पेंडल निकलवाकर मौके से फरार हो गए। होश आने पर आसपास के लोगों को आपबीती बताई और पास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज दिखवाई।जिसमें महिला सहित अन्य बदमाश दिखाई दे रहे हैं। पीड़िता ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर मुकदमा दर्ज कर सामान बरामद करने की मांग की है।

पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मालूम हो कि नगर में काफी दिनो से टप्पेबाजो का गिरोह सक्रिय है। इसके पूर्व नगर के सरकारी अस्पताल के निकट अलग-अलग दिनों में दो महिलाओं को ठगी का शिकार बनाया जा चुका है।

Related posts