ग्राम रोजगार सेवकों ने चार मांगों को लेकर धरना दिया, उन्नाव में 3 दिसंबर को विधानसभा घेरने की चेतावनी……

उन्नावl ग्राम रोजगार सेवकों ने शुक्रवार दोपहर एक बजे डीएम कार्यालय परिसर में धरना दिया। ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा उत्तर प्रदेश के बैनर तले जुटे कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। उन्होंने मानदेय बढ़ाने और एचआर पॉलिसी लागू करने समेत चार मांगें रखीं। मांगें पूरी नहीं होने पर 3 दिसंबर को विधानसभा घेरने की चेतावनी दी। धरने में शामिल ब्लॉक निहागंज के ग्राम रोजगार सेवक ओम प्रकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पहले रोजगार सेवकों के हित में कई घोषणाएं की थीं, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर उन्हें लागू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में ग्राम रोजगार सेवकों को दूसरे राज्यों के मुकाबले कम मानदेय मिलता है।

ओम प्रकाश ने हिमाचल प्रदेश में रोजगार सेवकों को 49,750 रुपए तक मानदेय मिलने का उदाहरण दिया। उन्होंने उत्तर प्रदेश में न्यूनतम मानदेय 24 हजार रुपए प्रतिमाह करने की मांग की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रोजगार सेवकों को समय पर मानदेय नहीं मिलता। कम आय के कारण परिवार चलाने में मुश्किल होती है और कई कर्मचारी कर्ज में हैं।

उन्होंने ईपीएफ के तौर पर काटी गई रकम कर्मचारियों के खातों में तुरंत भेजने और मुख्यमंत्री की ओर से घोषित एचआर पॉलिसी लागू करने की मांग की। ग्राम रोजगार सेवकों का न्यूनतम मानदेय 24 हजार रुपए प्रतिमाह तय कर अलग बजट से भुगतान किया जाए; कर्मचारियों और उनके परिजनों को कैशलेस इलाज की सुविधा मिले; एचआर पॉलिसी लागू हो और ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम्य विकास के सभी काम जॉब चार्ट में शामिल कर पदनाम ग्राम विकास सहायक किया जाय।

ज्ञापन के मुताबिक, ग्राम रोजगार सेवक करीब 20 साल से ग्राम पंचायतों में सेवाएं दे रहे हैं। वे मनरेगा के तहत श्रमिकों को रोजगार देने के साथ शासन की ओर से समय-समय पर सौंपे गए दूसरे काम भी करते हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो तीन दिसंबर को प्रदेशभर के ग्राम रोजगार सेवक विधानसभा का घेराव करेंगे। इस दौरान जिला महामंत्री अजीत कुमार, जिला संयोजक हरिकरन यादव सहित अन्य रोजगार सेवक मौजूद रहे।

Related posts