दिल्ली के अस्पताल में लगी आग से मचा हड़कंप! बंद गेट में फंसे मरीज, लोगों ने ताला तोड़कर बचाईं जानें

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के डाबरी इलाके में स्थित एक किडनी अस्पताल में रविवार रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के बीच दहशत फैल गई। हालात उस समय और गंभीर हो गए जब बाहर निकलने की कोशिश कर रहे लोगों को बंद गेट का सामना करना पड़ा। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने ताला तोड़कर मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला।

घटना विजय एन्क्लेव स्थित एक किडनी अस्पताल की है। आग लगने की सूचना मिलते ही पूरे परिसर में हड़कंप मच गया और मरीज अपनी जान बचाने के लिए बाहर निकलने का प्रयास करने लगे।

बिजली के मीटर और जंक्शन बॉक्स में लगी थी आग

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार के पास लगे बिजली के मीटर और ग्राउंड फ्लोर स्थित इलेक्ट्रिक जंक्शन बॉक्स में आग लगी थी। आग धीरे-धीरे फैलने लगी, जिससे अस्पताल में मौजूद लोगों में भय का माहौल बन गया।

हालांकि समय रहते राहत और बचाव कार्य शुरू होने से किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन वाटर टेंडर, एक वाटर बाउजर और एक ब्रीदिंग सपोर्ट यूनिट को मौके पर रवाना किया। दिल्ली पुलिस की टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई।

दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 10:40 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। अधिकारियों के अनुसार आग सीमित क्षेत्र में ही रही, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

बंद दरवाजे ने बढ़ाई मुश्किलें

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग मुख्य गेट के पास लगी थी, जिसके कारण मरीज और उनके परिजन पीछे के रास्ते से बाहर निकलने लगे। लेकिन पीछे का गेट बंद होने के कारण लोग अंदर ही फंस गए और मदद के लिए चीखने-चिल्लाने लगे।

स्थिति बिगड़ती देख आसपास के लोग तुरंत अस्पताल पहुंचे और बचाव अभियान शुरू कर दिया।

स्थानीय लोगों ने दिखाई बहादुरी

अस्पताल के पीछे स्थित रिहायशी क्षेत्र के निवासियों ने संकट की घड़ी में बड़ी भूमिका निभाई। लोगों ने बिना समय गंवाए हथौड़े की मदद से पीछे के गेट का ताला तोड़ दिया और अंदर फंसे मरीजों व तीमारदारों को सुरक्षित बाहर निकाला।

स्थानीय लोगों की तत्परता और सूझबूझ के कारण कई मरीजों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी बड़ी जनहानि की आशंका टल गई।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

पुलिस और दमकल विभाग ने बताया कि फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी और सुरक्षा संबंधी सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।

 

Related posts