पाकिस्तान के सिंध प्रांत में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में 10 लोगों की जान चली गई। थारपारकर जिले के नगरपारकर इलाके में एंबुलेंस के अंदर ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से यह हादसा हुआ। मृतकों में वह महिला भी शामिल है, जिसे प्रसव के बाद स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के चलते बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक, एंबुलेंस दानो धंधल स्थित एक बुनियादी स्वास्थ्य केंद्र से महिला को जिला अस्पताल मीठी लेकर जा रही थी। इसी दौरान चालक एंबुलेंस के अंदर ऑक्सीजन सिलेंडर को खिसका रहा था, तभी उसमें जोरदार विस्फोट हो गया।
थारपारकर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आरिफ अजीज जाफरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में संबंधित महिला भी शामिल है। उन्होंने कहा कि हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और मामले की आगे की जांच की जा रही है।
पाकिस्तान में बस पलटने से 11 लोगों की हुई थी मौत
इससे पहले पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के राजनपुर में भी एक बड़ा सड़क हादसा हुआ था। कराची से डेरा गाजी खान जा रही एक यात्री बस निर्माणाधीन राजमार्ग पर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई थी। इस दुर्घटना में 11 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हुए थे। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।
पाकिस्तान की राष्ट्रीय आपातकालीन सेवा रेस्क्यू 1122 के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने बस की तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह बताया था। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी था।
पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को घायलों की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा था कि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
इससे करीब एक सप्ताह पहले पेशावर में एक निजी स्कूल की छत गिरने से 30 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी। मृतकों में 29 बच्चे शामिल थे। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी इस घटना पर शोक जताया था। लगातार सामने आ रहे इन हादसों ने पाकिस्तान में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
