करवा चौथ पर प्रेमी से मिलने पहुंची पत्नी को पति ने पकड़ा, मथुरा में देवरानी-जेठानी के बीच जमकर मारपीट

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा की वसंत विहार कॉलोनी में करवा चौथ के दिन पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक विवाहिता अपने प्रेमी से मिलने पहुंची थी, जहां पति ने पीछा करते हुए दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद परिवार में जमकर हंगामा हुआ। मामला इतना बढ़ा कि देवरानी और जेठानी के बीच सड़क पर ही लात-घूंसे चलने लगे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पति ने पीछा कर पत्नी को पकड़ा

जानकारी के मुताबिक, घटना थाना हाईवे क्षेत्र की वसंत विहार कॉलोनी की है। करवा चौथ के दिन महिला अपने प्रेमी से मिलने पहुंची थी। पति को इसकी भनक लग गई और वह पीछा करते हुए मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि उसने पत्नी और उसके प्रेमी को एक साथ पकड़ लिया। इस दौरान प्रेमी मौका देखकर वहां से फरार हो गया।

इसके बाद घर की महिलाओं के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल गया। पत्नी और उसकी जेठानी के बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों ने एक-दूसरे को लात-घूंसे मारे और बाल पकड़कर सड़क पर घसीटा। करीब आधे घंटे तक चले इस हंगामे को किसी ने अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

15 साल पहले हुई थी शादी, चार बच्चे हैं

जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी की शादी करीब 15 साल पहले हुई थी और उनके चार बच्चे हैं। पति का आरोप है कि उसकी पत्नी अंजू का अपने ही गांव के एक व्यक्ति से प्रेम संबंध है। बताया गया है कि वह व्यक्ति मथुरा की एक कंबल बनाने वाली कंपनी में काम करता है।

पति को जानकारी मिली थी कि पत्नी वसंत विहार कॉलोनी में प्रेमी से मिलने गई है। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी और परिवार की कुछ महिलाओं के साथ मौके पर पहुंच गया। वहां दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान पत्नी और उसकी जेठानी के बीच सड़क पर काफी देर तक हाथापाई होती रही।

पुलिस ने पति-पत्नी को थाने पहुंचाया

हंगामे और भीड़ का फायदा उठाकर कथित प्रेमी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों के बीच हो रही मारपीट को रुकवाया। इसके बाद पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पति-पत्नी को थाना हाईवे ले जाया गया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार व्यक्ति की तलाश की जा रही है।

Related posts