नोएडा: सेक्टर-63 के एफ ब्लॉक स्थित जय साई फैशन नाम की गारमेंट फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे अचानक आग लग गई। तीसरे तल से धुआं उठता देखकर वहां तैनात गार्ड ने तुरंत फैक्ट्री प्रबंधन और अग्निशमन विभाग के कंट्रोल रूम को सूचना दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।
रूई, कपड़े और धागे के कारण तेजी से फैली आग
फैक्ट्री के अंदर रूई, कपड़ा और धागा समेत अन्य सामान रखा था। इन ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से भड़कने लगी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कर्मचारियों ने पानी की बौछार कर आग को आगे फैलने से रोका।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दमकल टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी की जनहानि नहीं हुई। फैक्ट्री के अंदर किसी व्यक्ति के फंसे होने की भी सूचना नहीं है।
लाखों रुपये के माल के नुकसान का अनुमान
आग लगने के बाद कंपनी प्रबंधन नुकसान का आकलन करने में जुटा है। शुरुआती अनुमान के अनुसार फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये कीमत का कच्चा और तैयार माल आग की चपेट में आया है। नुकसान की वास्तविक कीमत का आकलन प्रबंधन की ओर से किया जा रहा है।
