उन्नाव। अचलगंज थाना क्षेत्र के खन्नापुरवा गांव निवासी एक महिला ने अपने जेठ, देवर और देवरानी पर पुरानी रंजिश के चलते पति के साथ मारपीट करने, पुश्तैनी मकान व खेत में हिस्सा न देने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता सीमा पत्नी सुरेश ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता के मुताबिक, वर्ष 2020 में उसके जेठ मोतीलाल, देवर सुनील और देवरानी ने पुरानी रंजिश के चलते उसके पति सुरेश पर जानलेवा हमला किया था। उस समय पारिवारिक संबंधों को देखते हुए उसने कानूनी कार्रवाई नहीं कराई और केवल पुलिस चौकी में सूचना दी थी, जहां बाद में समझौता हो गया था। महिला का आरोप है कि जेठ-देवर उसके पति के पुश्तैनी मकान में हिस्सा नहीं दे रहे हैं और खेत में भी अपने हिस्से से अधिक कब्जा किए हुए हैं। वह मजदूरी करके किसी तरह अपने पति का इलाज करा रही है।
सीमा ने बताया कि बीते 7 अक्टूबर 2026 को भी आरोपियों ने उसके पति के साथ मारपीट की थी, जिसकी शिकायत चौकी बदरका में की गई थी। मेडिकल परीक्षण और इलाज की बात भी कही गई, लेकिन आरोप है कि अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़िता का आरोप है कि 1 नवंबर 2026 को दोपहर करीब दो बजे आरोपी गाली-गलौज करते हुए उसके घर में घुस आए और पति सुरेश को लाठी-डंडों से पीटने लगे। बीच-बचाव करने पहुंची सीमा को भी नहीं बख्शा गया और उसके साथ भी मारपीट की गई। आरोपियों ने धमकी दी कि मकान और खेत में कोई हिस्सा नहीं मिलेगा तथा उसके जेवरात भी वापस नहीं किए जाएंगे।
शोर सुनकर जब पीड़िता का पुत्र और गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। महिला के अनुसार, हमले में उसके पति की बाईं आंख और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं, जबकि उसे भी आंख और पूरे शरीर में चोटें पहुंची हैं।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी अब उसके पति और पुत्र को गोली मारने की धमकी दे रहे हैं। चौकी बदरका में शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई न होने से परेशान होकर उसे पुलिस अधीक्षक कार्यालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा। अब उसने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की गुहार लगाई है।
