बड़े परिवार के लिए चाहिए 7-सीटर कार? सिर्फ 5.73 लाख से शुरू कीमत, 26.11 KM तक माइलेज वाली ये 3 गाड़ियां हैं शानदार विकल्प

नई दिल्ली: अगर आपके परिवार में सदस्यों की संख्या ज्यादा है और आप कम बजट में 7-सीटर कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो भारतीय बाजार में कुछ अच्छे विकल्प मौजूद हैं। खास बात यह है कि इन कारों की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 5.73 लाख रुपये से शुरू होती है। इनमें बेहतर माइलेज, आरामदायक केबिन, आधुनिक फीचर्स और सुरक्षा के लिए छह एयरबैग जैसे इंतजाम मिलते हैं। इनमें निसान ग्रेवाइट, रेनो ट्राइबर और मारुति सुजुकी अर्टिगा शामिल हैं। आइए जानते हैं इन तीनों कारों की कीमत, इंजन, माइलेज और खासियत।

Nissan Gravite: सबसे कम कीमत में 7 सीटों का विकल्प

निसान ग्रेवाइट भारतीय बाजार की किफायती 7-सीटर कारों में शामिल है। इसका आधुनिक बाहरी डिजाइन, कंपनी की खास ग्रिल और एलईडी हेडलाइट्स इसे आकर्षक बनाते हैं। इसकी सबसे बड़ी खासियत मॉड्यूलर केबिन है। जरूरत पड़ने पर तीसरी पंक्ति की सीटों को पूरी तरह हटाकर सामान रखने के लिए ज्यादा जगह बनाई जा सकती है।

इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 5,73,400 रुपये है। इसमें 1.0 लीटर का तीन सिलेंडर वाला पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 72 पीएस की अधिकतम पावर और 96 एनएम का टॉर्क पैदा करता है। कंपनी के मुताबिक, इसका पेट्रोल माइलेज करीब 19.3 से 19.6 किलोमीटर प्रति लीटर है।

फीचर्स की बात करें तो इसमें 8 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो, एपल कारप्ले और डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है। इंजन के साथ 5-स्पीड मैनुअल और एएमटी गियरबॉक्स का विकल्प दिया गया है। सुरक्षा के लिए छह एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, एबीएस और ईबीडी जैसे फीचर्स मिलते हैं।

Renault Triber: कम जगह में ज्यादा सीटों की सुविधा

रेनो ट्राइबर उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प है, जो कम कीमत में ज्यादा जगह और बेहतर सीटिंग व्यवस्था चाहते हैं। इसका कॉम्पैक्ट आकार, मस्कुलर बॉडी क्लैडिंग और रूफ रेल्स इसे आकर्षक लुक देते हैं। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 5,80,875 रुपये है।

माइलेज की बात करें तो इसका पेट्रोल वर्जन करीब 18.2 से 20 किलोमीटर प्रति लीटर तक का माइलेज देता है। इसमें 1.0 लीटर का एनर्जी पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 72 पीएस की पावर और 96 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। इसे 5-स्पीड मैनुअल और एएमटी गियरबॉक्स के विकल्प में खरीदा जा सकता है। इसके अलावा सीएनजी का विकल्प भी उपलब्ध है।

फीचर्स में 8 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, पुश-बटन स्टार्ट-स्टॉप, पीछे की सीटों के लिए एसी वेंट्स और 6-स्पीकर वाला साउंड सिस्टम शामिल हैं। सुरक्षा के लिहाज से इसमें छह एयरबैग, रियर पार्किंग सेंसर और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम मिलता है। इस कार को ग्लोबल एनकैप से 4-स्टार सुरक्षा रेटिंग भी मिली है।

इसका 7-सीटर केबिन खास तौर पर उपयोगी है। तीसरी पंक्ति की ईजीफिक्स सीटों को जरूरत के अनुसार हटाया जा सकता है। इससे सामान रखने के लिए अतिरिक्त जगह मिल जाती है।

Maruti Suzuki Ertiga: 26.11 KM तक माइलेज देने वाली लोकप्रिय 7-सीटर

मारुति सुजुकी अर्टिगा भारतीय बाजार की सबसे लोकप्रिय 7-सीटर एमपीवी में से एक है। यह कार अपने आरामदायक केबिन, बेहतर जगह और भरोसेमंद प्रदर्शन के लिए जानी जाती है। इसके बाहरी हिस्से में 3डी क्रोम ग्रिल और आकर्षक टेल लाइट्स दी गई हैं। केबिन में यात्रियों के लिए अच्छा लेगरूम और आरामदायक सीटें मिलती हैं।

अर्टिगा की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 8.85 लाख रुपये है। इसमें 1.5 लीटर का स्मार्ट हाइब्रिड पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 103 पीएस की पावर पैदा करता है। इसका पेट्रोल मैनुअल वेरिएंट 20.51 किलोमीटर प्रति लीटर तक का माइलेज देता है, जबकि सीएनजी वेरिएंट का दावा किया गया माइलेज 26.11 किलोमीटर प्रति किलोग्राम है।

इसमें 7 इंच का स्मार्टप्ले प्रो इंफोटेनमेंट सिस्टम, पैडल शिफ्टर्स, क्रूज कंट्रोल, पीछे की सीटों के लिए एसी वेंट्स और कूल्ड कप होल्डर्स जैसे फीचर्स मिलते हैं। ट्रांसमिशन के लिए 5-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक का विकल्प है। इसके अलावा कंपनी फिटेड सीएनजी वेरिएंट भी उपलब्ध है।

सुरक्षा के लिए अर्टिगा में छह एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम, बच्चों की सीट लगाने के लिए आईएसओफिक्स माउंट्स और रियर पार्किंग सेंसर दिए गए हैं।

Related posts