झांसी (देवेश प्रताप सिंह राठौर): जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में अवैध खनन, नियम विरुद्ध खनन, ओवरलोडिंग और स्वीकृत सीमा से अधिक खनिज भंडारण के खिलाफ जिला स्तरीय जांच समिति ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया। जांच में अनियमितताएं मिलने पर संबंधित पट्टाधारकों और भंडारणकर्ताओं के खिलाफ उत्तर प्रदेश उप खनिज नियमावली-2021 तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम-1984 की संबंधित धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई की गई। साथ ही करोड़ों रुपये की धनराशि जमा कराने के आदेश भी जारी किए गए।
खनन माफिया और कालाबाजारी करने वालों को सख्त चेतावनी
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने स्पष्ट कहा कि जनपद में अवैध खनन या नियमों के विपरीत खनन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आवंटित क्षेत्र से बाहर खनन, भंडारण क्षेत्र में अनियमितता, नदी की मुख्य धारा में खनन तथा खनिजों का कृत्रिम अभाव पैदा कर कालाबाजारी करने वाले माफिया तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आम लोगों को उचित दर पर खनिज उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने कहा कि बालू, मौरंग और गिट्टी जैसे खनिज सीधे आम लोगों से जुड़े हुए हैं। ऐसे में इनकी कालाबाजारी कर कीमतों में अनावश्यक बढ़ोतरी या कृत्रिम कमी पैदा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आम जनता को उचित दर पर खनिज उपलब्ध कराना, पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करना, मूल्य नियंत्रण बनाए रखना और नए कारोबारियों को समान अवसर उपलब्ध कराना है। बेहतर प्रबंधन से राजस्व संग्रह बढ़ाने के प्रयास भी लगातार जारी रहेंगे।
एडीएम के नेतृत्व में गठित टीम ने की छापेमारी
अवैध खनन, नियम विरुद्ध खनन, स्वीकृत सीमा से अधिक भंडारण और ओवरलोडिंग पर प्रभावी कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी ने एडीएम, प्रभारी अधिकारी खनिज और पुलिस विभाग के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की। टीम ने विभिन्न खनन कारोबारियों के खनन क्षेत्रों और भंडारण स्थलों पर छापेमारी कर जांच की तथा अनियमितता मिलने पर संबंधित पट्टाधारकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की।
तीन भंडारण स्थलों पर करोड़ों रुपये की धनराशि अधिरोपित
जिला स्तरीय जांच समिति की जांच में तहसील मोंठ के ग्राम सुल्तानपुरा स्थित मेसर्स अभिलाष गौर के स्वीकृत भंडारण स्थल पर अनुमन्य मात्रा से अधिक बालू और मौरम का भंडारण पाए जाने पर 74,60,840 रुपये की धनराशि अधिरोपित की गई।
इसी तरह तहसील मोंठ के ग्राम सिया स्थित मेसर्स पी.एस. माइन्स एलएलपी के स्वीकृत भंडारण स्थल पर अनुमन्य मात्रा से अधिक उपखनिज मिलने पर 3,69,45,800 रुपये जमा कराने के आदेश जारी किए गए।
वहीं तहसील गरौठा के ग्राम डुडी स्थित मेसर्स साक्षी इंटर प्राइजेज के स्वीकृत भंडारण स्थल पर अनियमितता मिलने के बाद 28,51,820 रुपये की धनराशि अधिरोपित करते हुए संबंधित भंडारणकर्ता को जमा कराने के निर्देश दिए गए।
अगस्त में 284 छापे, करीब 97 लाख रुपये का राजस्व वसूला
उपखनिज के अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए गए प्रवर्तन अभियान के तहत अगस्त माह में कुल 284 छापेमारी की गई। इस कार्रवाई के दौरान शास्ति के रूप में 96,87,570 रुपये का खनन राजस्व वसूला गया।
अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनपद में जहां भी अवैध खनन, अवैध परिवहन या नियमों के विपरीत भंडारण की शिकायत मिले, वहां तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
