कुशीनगर में कार और ट्रेलर की भीषण टक्कर, एक ही परिवार के 5 समेत 6 की मौत; दो की हालत गंभीर

कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में देर रात भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की जान चली गई। मृतकों में एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल हैं। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दुर्घटना हाटा कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर थरुआडीह के पास हुई, जहां ओमनी कार और ट्रेलर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

रिश्तेदारी में कार्यक्रम से लौट रहा था परिवार

जानकारी के मुताबिक, कार में सवार लोग एक रिश्तेदार के यहां आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान थरुआडीह के पास उनकी कार ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में घायल दो लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। दोनों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

कप्तानगंज क्षेत्र के भलुही गांव का रहने वाला था परिवार

बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले पांच लोग एक ही परिवार के थे। यह परिवार कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव का निवासी बताया गया है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

बाराबंकी में एसयूवी की टक्कर से तीन युवकों की मौत

इससे पहले रविवार शाम बाराबंकी के रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार एसयूवी ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में अनूप (18), विमलेश (19) और अनिल यादव (17) की मौत हो गई, जबकि गया प्रसाद (17) गंभीर रूप से घायल हो गया।

चारों युवक भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने जा रहे थे। बैसनपुरवा गांव के पास राजमार्ग पार करते समय यह दुर्घटना हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक मोटरसाइकिल करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने राजमार्ग जाम कर दिया और एसयूवी चालक की पिटाई की। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को भीड़ से बचाया। करीब एक घंटे बाद यातायात बहाल कराया गया। घायल किशोर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मथुरा में दो बसों और कैंटर की टक्कर, कई यात्री घायल

मथुरा में भी यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हुआ था। माइलस्टोन 101 के पास सुबह करीब 3:15 बजे दो यात्री बसें और कांच से भरा कैंटर आपस में टकरा गए। दुर्घटना में कैंटर पलट गया और आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, नोएडा से आगरा जा रही विश्वनाथ ट्रैवल्स की बस ने ओवरटेक करते समय कैंटर को टक्कर मारी। इसी दौरान पीछे से आ रही ट्रैवल पॉइंट की दूसरी बस भी कैंटर से भिड़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

Related posts