500 एकड़ में विकसित होगी नई टाउनशिप, झांसी विकास प्राधिकरण की 92वीं बोर्ड बैठक में कई बड़े फैसलों पर मुहर

झांसी (देवेश प्रताप सिंह राठौर): आयुक्त एवं झांसी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में झांसी विकास प्राधिकरण की 92वीं बोर्ड बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विकास परियोजनाओं, वित्तीय प्रस्तावों और शहरी विस्तार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में नामित सदस्यों, नगर निगम, जल निगम, लोक निर्माण विभाग, आवास विकास, उद्योग विभाग सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

पिछली बैठकों की अनुपालन रिपोर्ट पर लगी मुहर

बैठक की शुरुआत 16 मई 2025 और 16 जुलाई 2025 को आयोजित बोर्ड बैठकों की अनुपालन आख्या के वाचन से हुई। इसके बाद बोर्ड ने अनुपालन रिपोर्ट की पुष्टि करते हुए आगे की कार्यवाही को स्वीकृति प्रदान की।

वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को मिली मंजूरी

बैठक में झांसी विकास प्राधिकरण के वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को बोर्ड ने अनुमोदित किया। इसके साथ ही विभिन्न विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक वित्तीय प्रस्तावों पर भी सहमति दी गई।

बेतवा विहार फेज-2 के विकास को सैद्धांतिक स्वीकृति

बोर्ड ने बेतवा विहार आवासीय योजना फेज-2 के समग्र, सुव्यवस्थित और एकीकृत विकास कार्यों को योजना मद से कराए जाने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की।

ट्रांसपोर्ट नगर और शहरी विस्तारीकरण योजना के लिए जमीन उपलब्ध होगी

बैठक में ट्रांसपोर्ट नगर योजना तथा मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के लिए मेन रिसीविंग सब-स्टेशन (एमआरएसएस) की स्थापना हेतु शासनादेशों के अनुरूप यूपीपीटीसीएल को निशुल्क भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

विकास शुल्क किस्तों में जमा करने की सुविधा

बोर्ड ने 1.0 हेक्टेयर क्षेत्रफल के भूखंडों पर देय विकास शुल्क को 15 प्रतिशत साधारण ब्याज के साथ चार अर्द्धवार्षिक किस्तों में जमा करने की अनुमति भी प्रदान की।

मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत 500 एकड़ में बनेगी टाउनशिप

बैठक में मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के अंतर्गत बीड़ा क्षेत्र के समीप लगभग 500 एकड़ भूमि पर नई टाउनशिप परियोजना विकसित किए जाने के प्रस्ताव को भी सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई। इस परियोजना के माध्यम से क्षेत्र में नियोजित शहरी विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

 

Related posts