लीड्स: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है। नीदरलैंड्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में एक विकेट लेते ही दीप्ति ने भारतीय क्रिकेट की दिग्गज गेंदबाज झूलन गोस्वामी के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इस उपलब्धि के साथ वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली संयुक्त रूप से शीर्ष गेंदबाज बन गई हैं।
एक विकेट ने दिलाई ऐतिहासिक बराबरी
ग्रुप-ए के मुकाबले में दीप्ति शर्मा ने तीन ओवर की गेंदबाजी में 26 रन देकर एक विकेट हासिल किया। इसी विकेट के साथ उनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल विकेटों की संख्या 355 तक पहुंच गई। अब महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने के मामले में दीप्ति शर्मा और झूलन गोस्वामी संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं। दोनों के नाम 355-355 विकेट दर्ज हैं।
दुनिया की दिग्गज गेंदबाजों की सूची में सबसे ऊपर
महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाजों की सूची में अब झूलन गोस्वामी और दीप्ति शर्मा संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। उनके बाद कैथरीन स्काइवर-ब्रंट, एलिस पेरी, सोफी एक्लेस्टोन और शबनम इस्माइल का नाम शामिल है।
तीनों प्रारूपों में शानदार रहा है दीप्ति का प्रदर्शन
दीप्ति शर्मा का अंतरराष्ट्रीय करियर आंकड़ों के लिहाज से बेहद शानदार रहा है। एकदिवसीय क्रिकेट में उन्होंने 124 मैचों में 166 विकेट हासिल किए हैं और वह भारत की दूसरी सबसे सफल गेंदबाज हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके नाम 146 मुकाबलों में 167 विकेट दर्ज हैं। वहीं टेस्ट क्रिकेट में भी उन्होंने 22 विकेट अपने नाम किए हैं। लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर दीप्ति दुनिया की सबसे सफल महिला गेंदबाजों में गिनी जाती हैं।
भारत ने नीदरलैंड्स को बड़े अंतर से हराया
मैच की बात करें तो भारतीय टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में दमदार प्रदर्शन किया। स्मृति मंधाना ने 47 गेंदों में 74 रन और शेफाली वर्मा ने 38 गेंदों में 55 रन की शानदार पारी खेली। दोनों की पारियों की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 209 रन बनाए, जो महिला टी20 विश्व कप इतिहास में भारत का सर्वोच्च स्कोर है।
गेंदबाजों ने भी दिखाया दम
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड्स की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। श्री चरणी ने चार विकेट झटके, जबकि शेफाली वर्मा ने तीन विकेट अपने नाम किए। नंदिनी ने भी दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के चलते नीदरलैंड्स की पूरी टीम 114 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप-ए में शीर्ष स्थान भी हासिल कर लिया।
