झांसी में नशे की हालत में गिरे युवक की अस्पताल में मौत, पुलिस कर रही हर पहलू की जांच

झांसी ( देवेश प्रताप सिंह राठौर): थाना प्रेमनगर क्षेत्र के नगरा हाट इलाके में नशे की हालत में गिरने से घायल हुए एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद तत्काल मौके पर पहुंची टीम ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सड़क पर लड़खड़ाकर गिरने की मिली थी सूचना

पुलिस को बीती रात सूचना मिली थी कि नगरा हाट क्षेत्र में एक व्यक्ति नशे की हालत में लड़खड़ाकर गिर पड़ा है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में मिले व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम में सिर और जांघ पर मिले चोट के निशान

पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के सिर में कान के पीछे की ओर चोट का निशान मिला है। इसके अलावा जांघ पर भी चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस इन चोटों के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना स्थल पर मौजूद स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने पुलिस को बताया कि युवक नशे की हालत में लड़खड़ाकर गिरा था। वहीं परिजनों ने भी पुलिस को जानकारी दी कि मृतक नशे का आदी हो गया था और पहले भी ऐसी स्थिति में रहता था। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है।

सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर हो रही जांच

पुलिस ने बताया कि मामले में सभी संभावित पहलुओं और उपलब्ध साक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Related posts