सीतापुर (देवेश प्रताप सिंह राठौर): जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल के मार्गदर्शन में मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में जूनियर बालक एवं बालिका वर्ग की जनपद स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकास खंडों की टीमों ने हिस्सा लिया और खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
खंड शिक्षा अधिकारी ने कराया शुभारंभ
प्रतियोगिता का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय प्रियांशी सक्सेना ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने और टॉस कराने के बाद किया। इसके बाद विभिन्न मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना का परिचय दिया।
बालक वर्ग में सकरन ने खैराबाद को हराया
बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला सकरन और खैराबाद की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में सकरन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 43-28 अंकों से जीत दर्ज कर जनपद स्तरीय खिताब अपने नाम किया।
बालिका वर्ग का खिताब भी सकरन के नाम
बालिका वर्ग के फाइनल में भी सकरन और खैराबाद की टीमें आमने-सामने रहीं। कड़े मुकाबले में सकरन की टीम ने 17-13 अंकों से जीत हासिल करते हुए प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।
विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र से किया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन पर खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय प्रियांशी सक्सेना ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
