अयोध्या: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के चयन की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। करीब दो महीने तक चली चयन प्रक्रिया के बाद गठित समिति ने तीन योग्य प्रत्याशियों का पैनल तैयार कर ट्रस्ट को सौंप दिया है। अब बुधवार को ट्रस्ट इन तीन नामों में से एक पर अंतिम फैसला लेगा और नए सीईओ के नाम की घोषणा की जाएगी।
योग्य प्रत्याशियों की सूची ट्रस्ट को सौंपी
मंगलवार को चयन समिति ने तीन नामों का पैनल ट्रस्ट के समक्ष रखा। इस दौरान ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरि, ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास, अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, विशेष आमंत्रित सदस्य दिनेश, सचिव जगदीश आफले, जगन्नाथ गुलवे और बजरंग बागड़ा समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे। अब ट्रस्ट के निर्णय पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
न्यायपालिका, सेना और विज्ञान के अनुभव वाली समिति ने किया चयन
सीईओ के चयन के लिए गठित समिति में सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली को अध्यक्ष बनाया गया था। समिति में सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल वीके चतुर्वेदी और परमाणु वैज्ञानिक डॉ. सुरेश हावड़े भी शामिल हैं। तीनों सदस्य सोमवार को अयोध्या पहुंच गए थे। समिति ने प्रत्याशियों के संस्थागत नेतृत्व, प्रबंधन क्षमता, सत्यनिष्ठा और दृष्टिकोण को परखने के लिए कई स्तरों पर मूल्यांकन किया।
5585 आवेदनों से शुरू हुई थी चयन प्रक्रिया
राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ पद के लिए कुल 5585 आवेदन प्राप्त हुए थे। तकनीकी जांच और मैनुअल मूल्यांकन के बाद आवेदनों की छंटनी की गई। कई चरणों की जांच के बाद 16 प्रत्याशियों को अंतिम दौर के लिए चुना गया। इन प्रत्याशियों के साथ 3 से 6 अगस्त तक ऑनलाइन संवाद हुआ। इसके बाद 11 और 12 अगस्त को अयोध्या स्थित तीर्थ क्षेत्र में आमने-सामने विस्तृत बातचीत की गई। इसी पूरी प्रक्रिया के आधार पर तीन नामों का अंतिम पैनल तैयार किया गया है।
6 जुलाई को बनी थी चयन समिति
सीईओ के चयन के लिए समिति का गठन 6 जुलाई को किया गया था। 11 जुलाई को हुई पहली बैठक में चयन प्रक्रिया और पात्रता के मानदंड तय किए गए। इसके बाद 14 जुलाई को समीर पंडा को समिति का सचिव नियुक्त किया गया और 18 जुलाई को आवेदन प्रक्रिया पूरी हो गई। जुलाई के बाकी दिनों में आवेदनों की समीक्षा और मूल्यांकन किया गया। अगस्त में ऑनलाइन और प्रत्यक्ष संवाद के चरण पूरे किए गए।
बुधवार को होगा अंतिम फैसला
समिति के सचिव समीर पंडा के अनुसार पूरी चयन प्रक्रिया योग्यता, संस्थागत उत्कृष्टता, पारदर्शिता और पेशेवर आचरण के उच्च मानकों को ध्यान में रखकर पूरी की गई। समिति ने अपनी रिपोर्ट में प्रक्रिया को योग्यता आधारित, पारदर्शी और तकनीकी रूप से सक्षम बताया है। समिति के मुताबिक तीनों चयनित प्रत्याशी संस्थागत नेतृत्व, प्रबंधन विशेषज्ञता और सत्यनिष्ठा के मानकों पर खरे उतरते हैं। अब अंतिम फैसला ट्रस्ट को करना है और बुधवार को नए सीईओ के नाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
