उन्नाव (देवेश प्रताप सिंह राठौर): भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्र का शुक्रवार को उन्नाव पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। गदनखेड़ा बाईपास स्थित बैसवारा द्वार पर दोपहर से ही सैकड़ों कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए जुटे रहे। शाम करीब पांच बजे उनका काफिला पहुंचते ही भारत माता की जय और युवा मोर्चा जिंदाबाद के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा।
जेसीबी से फूल बरसाकर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों, डीजे और आतिशबाजी के बीच सड़क पर गुलाब की पंखुड़ियां बिछाई गईं। इसके बाद बाइक और चार पहिया वाहनों के काफिले के साथ डॉ. रोहित मिश्र को भाजपा जिला कार्यालय ले जाया गया। रास्ते में भी कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका स्वागत किया।
कार्यकर्ताओं से बोले- हर कार्यकर्ता खुद को रोहित मिश्र समझे
भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. रोहित मिश्र ने कहा कि हर कार्यकर्ता खुद को रोहित मिश्र समझे। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का पद उनके लिए सिर्फ एक पद नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाना संगठन का लक्ष्य है। इसके लिए बूथ स्तर तक युवाओं को जोड़कर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।
सोशल मीडिया से सड़क तक विपक्ष के झूठ का जवाब देने की अपील
डॉ. मिश्र ने कार्यकर्ताओं से कहा कि सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक विपक्ष के झूठ का जवाब देना होगा। इसके साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का काम भी कार्यकर्ताओं को करना होगा।
बेरोजगारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद पुलिस विभाग में सवा लाख से अधिक भर्तियां निष्पक्ष तरीके से हुई हैं। लोक सेवा आयोग और यूपीएसएसएससी के माध्यम से भी लगातार भर्तियां की जा रही हैं।
सरकारी नौकरी के साथ स्वरोजगार पर भी जोर
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि युवाओं के लिए सरकारी नौकरी महत्वपूर्ण है, लेकिन रोजगार का मतलब सिर्फ सरकारी नौकरी तक सीमित नहीं है। स्वरोजगार के जरिए भी युवा अपने परिवार का पालन-पोषण कर सकते हैं और सामाजिक सम्मान के साथ जीवन यापन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में भी लगातार काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से युवाओं तक सरकार की योजनाओं और रोजगार से जुड़े अवसरों की जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया।
