मेरठ: बहुजन समाज पार्टी ने आगामी राजनीतिक चुनौतियों और चुनावी तैयारियों को देखते हुए मेरठ मंडल में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव किया है। पार्टी नेतृत्व ने वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रभार में फेरबदल करते हुए मंडल और जिलों की नई जिम्मेदारियां तय की हैं। इस बदलाव का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक सक्रिय और मजबूत बनाना बताया गया है।
इस फेरबदल के तहत पूर्व राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ बसपा नेता मुनकाद अली के प्रभार क्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। अब तक मेरठ मंडल के अन्य जिलों की जिम्मेदारी संभाल रहे मुनकाद अली को केवल गौतमबुद्धनगर जिले के मुख्य मंडल प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
गौतमबुद्धनगर और बुलंदशहर को छोड़कर मेरठ मंडल के बाकी हिस्से की जिम्मेदारी अब तीन वरिष्ठ नेताओं को संयुक्त रूप से सौंपी गई है। इनमें आगरा जिले के विक्रम सिंह जाटव, मेरठ जिले के डॉ. कमल सिंहराज और गाजियाबाद जिले के मेघानंद जाटव शामिल हैं। तीनों नेता आपसी समन्वय के साथ मंडल में पार्टी के संगठनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।
मेरठ जिले के लिए अलग टीम तैनात
संगठन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जा रहे मेरठ जिले में पार्टी के कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए सतपाल पीपला और जाफर मलिक को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा मेरठ मंडल के जोन प्रभारियों में महावीर प्रधान, डॉ. ऋषि गौतम, जितेन्द्र अलीपुर और परवेज आलम उर्फ गोलू को शामिल किया गया है। ये सभी आपसी समन्वय से कार्यों का विभाजन करते हुए जिले में पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाएंगे।
मेरठ जिले में दिनेश काजीपुर और पुष्पेन्द्र जाटव को भी पार्टी के कार्यों की पूर्णकालिक जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई व्यवस्था के तहत इन नेताओं से संगठन से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कराने की जिम्मेदारी निभाने की अपेक्षा की गई है।
बुलंदशहर में तीन नेताओं को संयुक्त जिम्मेदारी
बुलंदशहर जिले में संगठन के कार्यों को गति देने के लिए कमल राजन, रवि निगम और सतीश गौतम को संयुक्त रूप से जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही अलीगढ़ जिले के सूरज सिंह जाटव को पूरे बुलंदशहर जिले में पार्टी के कार्यों की निगरानी का दायित्व सौंपा गया है।
बागपत में भी नई जिम्मेदारी तय
बागपत जिले के संगठनात्मक कामकाज के लिए डॉ. सुभाष प्रधान और केपी सिंह एडवोकेट को संयुक्त प्रभारी बनाया गया है। दोनों नेता आपसी तालमेल के साथ जिले में बहुजन समाज पार्टी के संगठनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।
